Rain in Desert: फतेहपुर बस स्टैंड बना जलमग्न, कई इलाके प्रभावित

राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में मंगलवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम की तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे इस क्षेत्र में साव
राजस्थान के शेखावाटी क्षेत्र में मंगलवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश ने मौसम की तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है। लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे इस क्षेत्र में सावन के पांचवें दिन इंद्रदेव ने अपनी मेहरबानी दिखाई। लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों को जलमग्न कर दिया है। जहां एक ओर किसान इस बारिश को लेकर खुश हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के कई हिस्सों में जलभराव ने लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। फतेहपुर का मुख्य बस स्टैंड बारिश के बाद एक टापू की तरह नजर आने लगा है। बस स्टैंड परिसर में कई दुकानों के अंदर पानी भर गया है और निचले इलाकों में बने घरों में भी बारिश का पानी घुस गया है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
बारिश के कारण फतेहपुर बस स्टैंड पर कई बैंक और अस्पताल के कर्मचारी फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। स्थानीय लोगों को अपनी ओर से ट्रैक्टर की व्यवस्था करनी पड़ी, क्योंकि नगर परिषद की ओर से मौके पर कोई सहायता नहीं पहुंची। ट्रैक्टर चालक लोगों से 100 से 200 रुपये तक किराया वसूल कर रहे हैं। इस स्थिति ने नगर परिषद के दावों और तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस प्रकार की आपातकालीन स्थिति में प्रशासन को सक्रियता से काम करना चाहिए था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
















