Accident in Ara: बेकाबू टोटो ने तीन लोगों को रौंदा, 4 साल की बच्ची की मौत

आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार टोटो ने घर के बाहर खाना खा रही सगी बहनों समेत तीन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्
आरा शहर के टाउन थाना क्षेत्र में सोमवार को एक तेज रफ्तार टोटो ने घर के बाहर खाना खा रही सगी बहनों समेत तीन लोगों को रौंद दिया। इस हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची ममता कुमारी की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन सोनी कुमारी और मौसी क्रांति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद टोटो चालक मौके से फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। ममता कुमारी नगर निगम वार्ड संख्या-10 की निवासी घुरफेकन राम की सबसे छोटी पुत्री थी। उसके परिवार में उसकी मां ज्ञानती देवी, दो बहनें सोनी और अंजली कुमारी, तथा एक भाई दीपक कुमार हैं। ममता की मौत से परिवार में मातम छा गया है और सभी परिजन गहरे सदमे में हैं।
हादसे के तुरंत बाद, ममता के परिजनों और स्थानीय लोगों ने नगर निगम के समीप तीनमुहानी के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के दौरान लोगों ने टायर जलाकर आगजनी की और मुआवजे की मांग की। इस दौरान सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। लगभग दो घंटे तक जाम लगा रहा, जिसके बाद आरा सदर अंचलाधिकारी (सीओ) और टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और पारिवारिक लाभ योजना के तहत तुरंत 20 हजार रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घायल सोनी कुमारी और क्रांति देवी का इलाज भी उसी अस्पताल में चल रहा है। क्रांति देवी ने बताया कि वह घर के बाहर खाना बना रही थीं, जबकि ममता और सोनी वहीं बैठकर खाना खा रही थीं। तभी अचानक तेज रफ्तार टोटो ने तीनों को कुचल दिया। ममता को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार टोटो चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।









