Accident in Delhi NCR: टेंपो ठीक कर रहे चालक काे दूसरे टेंपाे ने मारी टक्कर, माैत

दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में सोमवार सुबह एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक टेंपो चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जीटी करनाल हाईवे पर एक टेंपो ठीक कर रहे चा
दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में सोमवार सुबह एक दुखद सड़क दुर्घटना में एक टेंपो चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, जीटी करनाल हाईवे पर एक टेंपो ठीक कर रहे चालक को दूसरे टेंपो ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मंडावली निवासी 35 वर्षीय दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद, आरोपी चालक अपने वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 7:30 बजे इस सड़क हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और देखा कि दोनों टेंपो क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस ने दोनों टेंपो को हटाकर यातायात को सामान्य किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दिनेश दिल्ली से सोनीपत की ओर माल लेकर जा रहा था, जब उसका टेंपो खराब हो गया था।
दूसरी ओर, शाहबाद डेयरी इलाके में एक और सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक डीटीसी बस ने एक बुजुर्ग यात्री को कुचल दिया। यह घटना तब हुई जब यात्री बस से उतरने की कोशिश कर रहा था। चालक ने अचानक बस को आगे बढ़ा दिया, जिससे यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। इस दौरान वह बस की चपेट में आ गए, जिससे उनके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल यात्री की पहचान चोखू राम के रूप में हुई है। उन्हें तुरंत पास के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके भाई श्यामधारी ने बताया कि चोखू राम बस स्टैंड पर बस से उतर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की पहचान के लिए प्रयास कर रही है।









