Action in Bihar: उपद्रवियों के साथ ब्लॉगर-यूट्यूबर भी रडार पर

मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और उसके बाद इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ वीडियो के प्रसार के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को तेज कर
मुजफ्फरपुर में हाल ही में हुए प्रदर्शन के दौरान हुई तोड़फोड़ और उसके बाद इंटरनेट मीडिया पर भड़काऊ वीडियो के प्रसार के मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई को तेज कर दिया है। पुलिस ने अब तक नौ ब्लॉगर और यूट्यूबर को चिह्नित किया है, जिन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। इन सभी के द्वारा सोशल मीडिया पर डाले गए वीडियो और पोस्ट की गहन जांच की जा रही है। साइबर सेल के अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शन से जुड़े भड़काऊ संदेश, आपत्तिजनक भाषा और माहौल बिगाड़ने वाली सामग्री को डिजिटल साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए इन सभी सामग्री को ध्यान में रखा जाएगा।
सिटी एसपी मो. मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ वीडियो डालने वाले इन नौ ब्लॉगर और यूट्यूबर की पहचान की गई है। पुलिस ने इन सभी पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर ली है। संदिग्ध इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स और वीडियो की डिजिटल जांच की जा रही है। यदि किसी की भूमिका कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या हिंसा भड़काने में सामने आती है, तो उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में पुलिस ने पहले ही 100 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, जो प्रदर्शन के दौरान सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल थे।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित तस्वीरों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। अब तक की जांच में आधे दर्जन से अधिक उपद्रवियों की पहचान की गई है। इनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की गई है, लेकिन अभी तक कोई भी पकड़ा नहीं गया है। पुलिस ने आठ उपद्रवियों की तस्वीरें जारी की हैं और इनाम की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इंटरनेट मीडिया पर किसी भी अपुष्ट या भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले या अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









