Action on Siwan AK-47 Case: तेजस्वी यादव ने की न्यायिक जांच की मांग

बिहार में neet पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने
बिहार में NEET पेपर लीक के खिलाफ छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर AK-47 से गोली चलाए जाने के मामले में न्यायिक जांच की मांग की है। तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को चाहिए कि वह आंदोलन के दौरान गिरफ्तार सभी छात्रों और प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा करे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि केवल एक सिपाही को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह जानना आवश्यक है कि प्रदर्शनकारियों पर AK-47 चलाने का आदेश किसने दिया था। तेजस्वी ने कहा, 'सिपाही की इतनी हैसियत नहीं है कि वह AK-47 से गोली चला दे। उसे बलि का बकरा नहीं बनाया जाना चाहिए।'
तेजस्वी यादव ने यह भी आरोप लगाया कि यह पहली बार है जब किसी छात्र आंदोलन में AK-47 से गोली चलाए जाने की घटना सामने आई है। उन्होंने कहा कि गोली हवा में नहीं चलाई गई, बल्कि निर्दोष युवाओं की छाती छलनी करने की कोशिश की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके आदेश पर गोली चलाई गई और इस पूरे मामले के असली दोषी अधिकारी के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। RJD नेता ने बिहार सरकार से मांग की कि छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं और सभी गिरफ्तार छात्रों को रिहा किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने रिहाई का आदेश तो दिया है, लेकिन छात्रों पर दर्ज मामलों और कार्रवाई के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
तेजस्वी यादव ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और सभी गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया गया, तो RJD बड़े पैमाने पर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा, 'चाहे तेज प्रताप जी हों या हजारों मेरे भाई हों, हम सबकी बात कर रहे हैं। जिन पर लाठी चली, गोली चली, वे सब मेरे भाई हैं।' इसके साथ ही उन्होंने बिहार की सम्राट चौधरी सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार बिहार को पुलिसिया गुंडाराज बनाना चाहती है। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि समझौता होने के बावजूद बिहार में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कई छात्रों को एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा देने जाते समय भी गिरफ्तार किया गया और उन पर गंभीर धाराएं लगाई गईं। तेजस्वी यादव ने कहा, 'अपराधियों को संरक्षण और छात्रों को गोली, यह हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। सरकार को छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने चाहिए।'









