AI Training for Educators: गोवि में एआइ से लैस होंगे शिक्षक व कर्मचारी

गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीकों
गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में सोमवार को शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीकों में दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से 'एआई ट्रेनिंग फॉर एजुकेटर्स' कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि एआई उच्च शिक्षा की कार्यशैली और दिशा दोनों को बदलने की क्षमता रखता है। ऐसे में शिक्षकों और कर्मचारियों का नई तकनीकों से परिचित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एआई का जिम्मेदार और प्रभावी उपयोग शिक्षण, शोध और प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता और दक्षता को बढ़ाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्लेसमेंट निदेशक प्रो. अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि यह प्रशिक्षण विश्वविद्यालय में डिजिटल परिवर्तन की निरंतर पहल का हिस्सा है। वर्तमान में यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए संचालित किया जा रहा है, जबकि अगले चरण में संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों और कर्मचारियों को भी इस प्रशिक्षण से जोड़ा जाएगा। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे ने इस बात पर जोर दिया कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप डिजिटल दक्षता और नवाचार को बढ़ावा देने में ऐसे प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
अनुदीप फाउंडेशन के रीजनल हेड विवेक कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को माइक्रोसॉफ्ट के एआई टूल्स, जनरेटिव एआई, रिस्पान्सिबल एआई, डिजिटल प्रोडक्टिविटी और शिक्षा व प्रशासन में एआई के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम शिक्षकों और कर्मचारियों को नई तकनीकों से जोड़कर उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा। इस प्रकार के प्रशिक्षण से न केवल शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि यह विश्वविद्यालय के समग्र विकास में भी योगदान देगा।









