Attempted Rape on Student in Haryana: हरियाणा में छात्रा के साथ दुष्कर्म का प्रयास

अंबाला जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ मंगलवार सुबह एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना उस समय हुई जब छात्रा को अज्ञात
अंबाला जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ मंगलवार सुबह एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना उस समय हुई जब छात्रा को अज्ञात आरोपी ने जबरन हाईवे किनारे झाड़ियों में खींच लिया। छात्रा ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर निर्वस्त्र हालत में झाड़ियों से बाहर निकलकर हाईवे की सर्विस लेन पर पहुंचकर मदद मांगी और अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला बाल कल्याण समिति की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने छात्रा के बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। छात्रा के पिता ने भी इस घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने घटनास्थल से छात्रा का स्कूल बैग और ड्रेस बरामद की है। इसके अलावा, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला है। फुटेज में एक युवक बाइक पर दिखाई दे रहा है, लेकिन घटनास्थल के दूर-दूर तक झाड़ियों के कारण वहां की फुटेज नहीं मिल पाई है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि एक युवक ने उसे जबरन झाड़ियों में खींच लिया और दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के समय छात्रा सुबह 8 बजे अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। वह पैदल स्कूल जाया करती थी। रास्ते में ही युवक ने उसके साथ जबरदस्ती की। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बच्ची रोते-चिल्लाते हुए मदद मांग रही थी, तभी एक बाइक सवार दंपति ने उसकी मदद की और उसे घर पहुंचाया। बाद में पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने छात्रा का मेडिकल परीक्षण भी करवाया, लेकिन अभी तक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हो पाई है और न ही छात्रा के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान मिले हैं। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है, जिसमें बलदेव नगर थाना, सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें शामिल हैं। छात्रा एक प्रवासी परिवार से है और चार बहन-भाइयों में वह सबसे बड़ी है। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। यह घटना अंबाला सिटी-चंडीगढ़ हाईवे की सर्विस लेन से महज 50 कदम की दूरी पर हुई है, जहां एक निजी अस्पताल भी है, जिससे इलाके में हमेशा चहल-पहल रहती है। इस बीच, छात्रा के साथ हुई इस घटना पर सवाल उठ रहे हैं कि कैसे एक युवक ने उसे जबरन झाड़ियों में ले जाकर कपड़े उतारने और दुष्कर्म का प्रयास किया। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।









