Aviation Accident Investigation: अहमदाबाद विमान हादसे की कब आएगी फाइनल रिपोर्ट?

अहमदाबाद में जून 2025 में हुई एअर इंडिया की उड़ान दुर्घटना की जांच के संबंध में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण ज
अहमदाबाद में जून 2025 में हुई एअर इंडिया की उड़ान दुर्घटना की जांच के संबंध में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण जानकारी प्रस्तुत की। एएआईबी ने बताया कि यह जांच केवल नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अधिकारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक व्यापक प्रक्रिया है जिसमें अंतरराष्ट्रीय एविएशन प्रोटोकॉल के तहत विशेषज्ञों की भागीदारी भी शामिल है। एएआईबी ने अदालत को आश्वासन दिया कि इस दुर्घटना की अंतिम रिपोर्ट अक्टूबर के पहले सप्ताह में सीलबंद लिफाफे में पेश की जाएगी। यह जानकारी तब दी गई जब प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जायमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष फेडरेशन आफ इंडियन पायलट्स और मृतक पायलट कैप्टन सुमित सभरवाल के पिता द्वारा दायर याचिकाओं की सुनवाई चल रही थी। याचिकाओं में दुर्घटना की जांच की अदालत की निगरानी में कराने की मांग की गई थी और जांच के तरीके पर चिंता व्यक्त की गई थी।
इस दुर्घटना में 12 जून 2025 को अहमदाबाद से लंदन जा रही एआई-171 (बोइंग 787-8) उड़ान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 260 लोगों की जान गई थी। फेडरेशन आफ इंडियन पायलट्स की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने अदालत में कहा कि सिमुलेशन जांच का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। वहीं, कैप्टन सभरवाल के पिता की ओर से पेश हुए वकील प्रशांत भूषण ने जांच की गति और तरीके पर सवाल उठाए। इन दलीलों का जवाब देते हुए एएआईबी की ओर से सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि यह आरोप गलत हैं और जांच 'एयरक्राफ्ट (दुर्घटनाओं और घटनाओं की जांच) नियम' और अंतरराष्ट्रीय समझौतों के अनुसार की जा रही है, जिनका भारत भी पक्षकार है।









