Ayodhya News: सावन से पहले ही शिवभक्ति के रंग में रंगने लगा अयोध्या का बाजार

अयोध्या। सावन का महीना शुरू होने से पहले ही रामनगरी का बाजार पूरी तरह से सज गया है। दुकानों के बाहर कांवड़, भगवा वस्त्र और रुद्राक्ष की मालाएं लटकती नजर आ रही ह
अयोध्या। सावन का महीना शुरू होने से पहले ही रामनगरी का बाजार पूरी तरह से सज गया है। दुकानों के बाहर कांवड़, भगवा वस्त्र और रुद्राक्ष की मालाएं लटकती नजर आ रही हैं, जो यह दर्शाती हैं कि शहर सावन के स्वागत के लिए तैयार है। सावन का महीना 30 जुलाई से आरंभ हो रहा है, और इस दौरान लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं के यहां आने की संभावना है। इस भीड़ को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। रामपथ, नयाघट, लता चौक, धर्मपथ, चौक बाजार, नाका, सिविल लाइंस, हनुमानगढ़ और राममंदिर के आसपास की दुकानों में शिव आराधना से जुड़ी सामग्री प्रमुखता से उपलब्ध है। कांवड़, डमरू, त्रिशूल, जलपात्र, रुद्राक्ष, बेलपत्र और भगवा परिधान का नया स्टॉक सज चुका है। कांवड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए गमछे, टी-शर्ट, बैग, चप्पल और पानी की बोतलों की अलग शृंखला भी तैयार की गई है। फूल, फल, दूध, दही और पूजन सामग्री से जुड़े व्यापारियों ने भी अतिरिक्त स्टॉक मंगवाया है ताकि श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
लता चौक के दुकानदार सुमित गुप्ता ने बताया कि सावन के दौरान उनका कारोबार काफी अच्छा चलता है। इस महीने में रोजाना लगभग आठ से दस हजार रुपये की बिक्री हो जाती है। श्रद्धालु इस दौरान झंडा, भगवा टी-शर्ट, भगवान शिव की मूर्तियां और पूजा सामग्री अधिक खरीदते हैं। राम की पैड़ी के दुकानदार योगेंद्र कुमार ने भी इसी बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की तुलना में सावन में कारोबार कई गुना बढ़ जाता है। इस दौरान रोजाना करीब 10 हजार रुपये तक की बिक्री होती है। श्रद्धालु झंडा, रुद्राक्ष की माला, डमरू, भगवा वस्त्र, जलपात्र, शिव पूजन सामग्री और कांवड़ यात्रा में उपयोग होने वाले सामान की अधिक खरीदारी करते हैं। हर बार की तरह इस बार भी बेहतर कारोबार की उम्मीद है।









