Azim Premji Scholarship 2026: गुमला में छात्राओं को हर साल मिलेगी 30,000 की छात्रवृत्ति, 10 अगस्त से करें आवेदन

गुमला जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस योजना का उद्देश्य है कि
गुमला जिले में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने अजीम प्रेमजी स्कॉलरशिप योजना का व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। इस योजना का उद्देश्य है कि जिले की अधिक से अधिक छात्राएं इस छात्रवृत्ति का लाभ उठा सकें। यह योजना झारखंड के अलावा देश के 20 अन्य राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में भी लागू की जा रही है। प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि कोई भी पात्र छात्रा जानकारी की कमी या आवेदन में त्रुटियों के कारण इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे। पिछले वर्ष, जिला प्रशासन ने महाविद्यालयों, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों और प्लस-टू विद्यालयों के माध्यम से बड़ी संख्या में छात्राओं तक योजना की जानकारी पहुंचाई थी, जिसके फलस्वरूप कई छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला। हालांकि, कुछ छात्राओं के आवेदन पत्र और आवश्यक दस्तावेज सही तरीके से ऑनलाइन अपलोड नहीं होने के कारण उनका चयन नहीं हो सका। इस अनुभव को ध्यान में रखते हुए, शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी महाविद्यालयों, शिक्षा विभाग, प्रखंड प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, पात्र छात्राओं को आवेदन भरने में सहायता भी प्रदान की जाएगी।
इस छात्रवृत्ति के लिए वही छात्राएं पात्र होंगी जिन्होंने कक्षा 10 और 12 सरकारी विद्यालय से नियमित छात्रा के रूप में उत्तीर्ण की हो और शैक्षणिक सत्र 2027-28 में किसी मान्यता प्राप्त स्नातक या डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश लिया हो। चयनित छात्राओं को प्रति वर्ष 30,000 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जो कि उनके प्रथम स्नातक पाठ्यक्रम की पूरी अवधि के लिए होगी। यह सहायता ट्यूशन फीस और अन्य शैक्षणिक जरूरतों के लिए उपयोग की जा सकेगी। स्कॉलरशिप के लिए ऑनलाइन आवेदन 10 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक किए जा सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और पात्र छात्राओं से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दलालों के झांसे में न आएं। आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं किया जा सकता है।









