Badrinath Offering Theft Case: बदरीनाथ धाम पहुंची SIT, आरोपित प्रमोद नौटियाल से की पूछताछ

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को रिमांड पर लेने के बाद विशेष जांच दल (एसआइटी) ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मंगलवार को एसआइटी ने प्र
बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले में मुख्य आरोपित प्रमोद नौटियाल को रिमांड पर लेने के बाद विशेष जांच दल (एसआइटी) ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मंगलवार को एसआइटी ने प्रमोद को लेकर बदरीनाथ धाम का दौरा किया और वहां प्रोटोकाल सहित अन्य कार्यालयों में तलाशी ली। इस दौरान आरोपित की बंद आलमारियों को भी खोला गया और उनकी जांच की गई। हालांकि, आलमारियों से क्या सामग्री मिली, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। इस मामले में प्रमोद नौटियाल के अलावा सेवानिवृत्त मंदिर अधिकारी राजेंद्र सिंह चौहान को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अदालत ने सोमवार को एसआइटी को प्रमोद की चार दिन की रिमांड दी थी। मंगलवार की सुबह एसआइटी ने प्रमोद का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे बदरीनाथ धाम ले जाकर पूछताछ शुरू की। एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ मिली हैं और चोरी गई धनराशि व आभूषणों की रिकवरी की उम्मीद है।
आरोपित से पूछताछ के साथ ही मामले में संदिग्ध अन्य कार्मिकों से भी आमना-सामना कराया जाएगा। गणना स्थल, खजाना और प्रोटोकाल कार्यालय समेत अन्य ठिकानों की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। इस बीच, बीकेटीसी की जांच समिति में शामिल एक प्रमुख सदस्य को भी एसआइटी ने पूछताछ के लिए बदरीनाथ धाम बुलाया है। यह सदस्य बीकेटीसी में महत्वपूर्ण पद पर तैनात है और उससे चढ़ावा चोरी मामले में पूछताछ की जाएगी। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति ने गणना प्रक्रिया में शामिल बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पांच अधिकारियों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया है। सूत्रों के अनुसार, इन कार्मिकों से बातचीत में कई अहम राज खुल सकते हैं। इससे पहले यह समिति बीकेटीसी की जांच टीम में शामिल चारों सदस्यों से भी पूछताछ कर चुकी है।









