Bypolls in Bankipur: हर बूथ पर केंद्रीय सशस्त्र बल का पहरा, भरोसा बढ़ाने को फ्लैग मार्च

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस उपचुनाव में सभी 422 मतदान केंद्
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस उपचुनाव में सभी 422 मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की तैनाती की जाएगी। केंद्रीय बल और जिला पुलिस मिलकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेंगे, जिससे मतदाता बिना किसी भय के मतदान कर सकें। इस कदम का उद्देश्य मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना है। हर बूथ पर सीसीटीवी कैमरे और लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जा सके। मतदान के समय पर शुरू होने के लिए मतदानकर्मी मतदान की पूर्व संध्या पर अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर वहीं रात्रि प्रवास करेंगे। इस संबंध में सोमवार को समाहरणालय में केंद्रीय पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल, सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी, व्यय प्रेक्षक शिव प्रताप सिंह, जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने चुनाव से जुड़े सभी 21 कोषांगों के नोडल-सेक्टर पदाधिकारियों, पुलिस और केंद्रीय बलों के अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए कार्य करें।
केंद्रीय पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने कहा कि सभी 422 बूथों पर केंद्रीय सशस्त्र बल तैनात रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मतदान दल को मतदान की पूर्व संध्या पर अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर रात्रि प्रवास करना चाहिए, ताकि सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू किया जा सके। सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी ने भी मॉक पोल के दौरान निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का पालन करने का निर्देश दिया। इस उपचुनाव में दो बैलेट यूनिट का उपयोग होना है, इसलिए सभी मतदानकर्मियों को इसकी तकनीकी जानकारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। जहां एक परिसर में कई बूथ हैं, वहां मतदाताओं की कतार को व्यवस्थित करने के लिए फैसिलिटेटर तैनात किए जाएंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और लाइव वेबकास्टिंग के जरिए मतदान प्रक्रिया की निगरानी करने की बात कही।









