Bareilly College News: बीएससी गणित और बीकॉम के विद्यार्थियों को पहचानपत्र नहीं मिले

बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को मंगलवार को पहचानपत्र लेने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान बीएससी गणित और बीकॉम के विद्यार्थियों को पहचा
बरेली कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को मंगलवार को पहचानपत्र लेने के लिए बुलाया गया था। इस दौरान बीएससी गणित और बीकॉम के विद्यार्थियों को पहचानपत्र नहीं मिल सके, जिससे विद्यार्थियों में निराशा का माहौल बना रहा। कई विद्यार्थियों को यह भी जानकारी नहीं थी कि उनकी कक्षाएं कब से शुरू होंगी। कॉलेज के सभी काउंटरों पर बीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। दोपहर दो बजे तक स्थिति यही बनी रही। सभी प्रथम सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं सुबह से ही पहचान पत्र लेने के लिए कॉलेज पहुंचने लगे थे। अलग-अलग विभागों में स्नातक के पहचान पत्र बांटने की सूचना दी गई थी, लेकिन पहले से तैयारी न होने के कारण विद्यार्थियों की भीड़ के सामने व्यवस्थाएं गड़बड़ा गईं। बीकॉम और बीएससी गणित के विद्यार्थियों का पहचान पत्र नहीं मिल सका, जिससे विद्यार्थियों को कक्षाओं की जानकारी लेने में भी कठिनाई का सामना करना पड़ा। जब विद्यार्थी विभागों में गए तो उन्हें बताया गया कि पहले पहचान पत्र लाएं, फिर कक्षाओं की जानकारी मिलेगी। इस स्थिति ने विद्यार्थियों को और भी परेशान कर दिया।
एक छात्र पंकज ने बताया कि बोर्ड पर लिखी समय सारिणी को समझना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। उन्हें विषय कोड, कक्ष संख्या या बैच की जानकारी नहीं दी गई है। इसी तरह, छात्र ऋषभ ने बताया कि वह पहले रसायन विज्ञान विभाग में गए थे, जहां उन्हें बताया गया कि रसायन विज्ञान की कक्षाएं कल से लगाई जाएंगी। गणित की कक्षाओं के लिए कहा गया कि पहचान पत्र मिलने के बाद ही बैच का पता चलेगा। पहचान पत्र वितरण में अव्यवस्था के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कॉमर्स विभाग के विभागाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें एक दिन पहले ही सूचना मिली थी कि विभाग से पहचानपत्र बंटेंगे। जब सुबह पहचानपत्र मंगाए गए, तो वे अव्यवस्थित थे। कार्ड न तो वर्णमाला के क्रम में थे और न ही रोल नंबर के अनुसार, जिससे वितरण में देरी हुई।









