Bengal CM to Honor Top 100 NEET Students: NEET विवाद के बीच बंगाल के टॉप 100 सफल छात्रों को सम्मानित करेंगे CM शुभेंदु

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि वे राज्य के शीर्ष 100 सफल छात्रों को सम्मानित करेंगे। यह समारोह मंगलवार शाम
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि वे राज्य के शीर्ष 100 सफल छात्रों को सम्मानित करेंगे। यह समारोह मंगलवार शाम को राज्य सचिवालय नवान्न के सभागार में आयोजित किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री इन मेधावी छात्रों को लैपटॉप प्रदान करेंगे। यह आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब नीट परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक विवाद ने पूरे देश में हलचल मचा रखी है और इसके चलते केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा है। इस संदर्भ में, राज्य सरकार की इस पहल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य में माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में सफल छात्रों को सम्मानित करने की परंपरा रही है, लेकिन चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के लिए होने वाली अखिल भारतीय परीक्षा में सफल छात्रों को इस तरह बड़े सरकारी मंच पर सम्मानित करने की व्यवस्था पहले कभी नहीं की गई थी।
इस वर्ष नीट यूजी का परिणाम लगभग डेढ़ सप्ताह पहले घोषित किया गया था, जबकि इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा के लिए राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा का परिणाम पहले ही जारी किया जा चुका है। हालांकि, इंजीनियरिंग के सफल छात्रों के लिए इस स्तर का सम्मान समारोह अभी तक आयोजित नहीं किया गया है। नवान्न के सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस कार्यक्रम की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शिक्षा विभाग ने राज्य के पहले 100 सफल छात्रों की सूची तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को भेज दी है। सरकार का कहना है कि यह कार्यक्रम मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने और उनकी सफलता को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।









