Election Appeal by Nitish Kumar: बांकीपुर उपचुनाव के लिए नीतीश कुमार की मतदाताओं से भावुक अपील

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। मतदान की तारीख नजदीक आते ही एनडीए ने अपने चुनाव प्रचार को गति दी है। इसी संदर्भ मे
बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। मतदान की तारीख नजदीक आते ही एनडीए ने अपने चुनाव प्रचार को गति दी है। इसी संदर्भ में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार रात एक वीडियो संदेश जारी कर बांकीपुर के मतदाताओं से एनडीए के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने की भावुक अपील की है। अपने वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं, आप सभी को मेरा प्रणाम। आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है और 30 जुलाई को मतदान होना है। आप सभी के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से हमने दो दशकों में सुशासन और न्याय के साथ विकास को पूरी ईमानदारी से धरातल पर उतारने का काम किया है।' उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे एनडीए के युवा उम्मीदवार श्री नीरज कुमार सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और मतदान के दिन कमल छाप के सामने बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं। नीतीश कुमार ने कहा कि विकास की गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के निश्चय को पूरा करने के लिए आपका एक-एक वोट जरूरी है।
बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी का एक मजबूत गढ़ मानी जाती है, जहां से पार्टी दशकों से भारी अंतर से जीत दर्ज करती आ रही है। यह सीट पांच बार के विधायक नितिन नवीन के राज्यसभा जाने और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद खाली हुई है। उपचुनाव में भाजपा ने अपने युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा पर दांव लगाया है। इस उपचुनाव में एनडीए के सामने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर मुख्य चुनौती पेश कर रहे हैं। प्रशांत किशोर अपनी पार्टी के लिए इस चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण मानते हैं। पिछले साल नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी ने कोई सीट नहीं जीती थी, ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव उनके लिए अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने का एक अवसर है।









