Weather Update in Bihar: बिहार के 22 जिलों में 40 KM/h की रफ्तार से चलेगी हवा, 29 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 22 जिलों में मेघ गर्जन के साथ 30 से 40 किम
पटना। बिहार में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 22 जिलों में मेघ गर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। इस दौरान नमी युक्त हवा के चलते उमस भी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि अगले तीन दिनों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की घटनाएं देखी गई हैं, जिसमें सुपौल के बसुआ में 60.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से किसानों में भी चिंता बढ़ गई है, क्योंकि बारिश की मात्रा और समय फसल की स्थिति पर असर डाल सकता है।
सोमवार को पटना और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रही, जिससे उमस का अनुभव हुआ। पटना का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि भभुआ में 37.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ बीकानेर, ग्वालियर, वाराणसी, जमशेदपुर, उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी और इससे सटे पश्चिम बंगाल उत्तरी ओडिशा तट पर बने गहरे डिप्रेशन केंद्र से होकर गुजर रही है। इस ट्रफ के प्रभाव से 29 जुलाई को भभुआ, बक्सर, गया, जमुई, रोहतास और पश्चिमी चंपारण जिले में भारी बारिश का पूर्वानुमान है।
राज्य के विभिन्न स्थानों पर बारिश की मात्रा भी चिंताजनक है। सीतामढ़ी के सोनबरसा में 53.0 मिमी, सहरसा के सतार कटाय में 46.8 मिमी, अररिया में 37.2 मिमी, और पूर्वी चंपारण के ललबेगियाघाट में 32.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा, सहरसा के सौर बाजार में 26.2 मिमी, मधेपुरा के मुरलीगंज में 21.4 मिमी, और सिवान के दरौली में 20.2 मिमी वर्षा हुई। इस प्रकार, मौसम विभाग ने सभी नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।









