Brave Rescue in Uttarakhand: कपकोट में ग्राम प्रधान ने सरयू नदी से युवक को बचाया

बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सरयू नदी में कूदने वाले एक युवक को ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह कपकोटी की सूझबूझ और साहस से
बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सरयू नदी में कूदने वाले एक युवक को ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह कपकोटी की सूझबूझ और साहस से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस साहसिक प्रयास से एक अनमोल जीवन बच गया। घटना की जानकारी के अनुसार, बिहार के मोतिहारी निवासी 34 वर्षीय कन्हैया पटेल, जो वर्तमान में हाइडिल क्षेत्र में कार्यरत हैं, का ठेकेदार से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। बताया गया कि डांट-फटकार के बाद शराब के नशे में उन्होंने ग्राम पनौरा के पास सरयू नदी में छलांग लगा दी। तेज बहाव में युवक कुछ दूर तक बह गया, लेकिन सौभाग्य से नदी के बीच एक बड़े पत्थर पर अटक गया। यह दृश्य देखकर ग्राम प्रधान पनौरा वीरेंद्र सिंह कपकोटी ने बिना समय गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना कपकोट पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि युवक को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है। इस घटना के बाद क्षेत्र में ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह कपकोटी के साहसिक कार्य की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि उन्होंने समय रहते हिम्मत नहीं दिखाई होती, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी में बदल सकती थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण युवक को समय पर उपचार मिल सका।









