BSEB Dummy Registration Card: 2027 की मैट्रिक-इंटर परीक्षा के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी

बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी कर दिया है। यह
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी कर दिया है। यह कदम उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण है, जिन्होंने 22 जुलाई तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आवेदन जमा किया था। अब ये विद्यार्थी 25 जुलाई से 14 अगस्त तक अपने डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड में दर्ज विवरणों की जांच कर सकते हैं और आवश्यक त्रुटियों का सुधार करवा सकते हैं। इस संबंध में सभी सरकारी, गैर सरकारी और संबद्ध विद्यालयों को दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड जारी करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन से संबंधित सभी जानकारियों का अंतिम सत्यापन कराना है। यदि किसी विद्यार्थी के नाम, माता-पिता के नाम, जन्मतिथि, फोटो, लिंग, जाति, धर्म, राष्ट्रीयता, विषय या अन्य किसी विवरण में त्रुटि पाई जाती है, तो उसका संशोधन केवल निर्धारित अवधि के भीतर ही संभव होगा। 14 अगस्त के बाद किसी भी प्रकार का सुधार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
विद्यालयों के प्रधानाचार्य अपने यूजर आईडी और पासवर्ड की सहायता से बोर्ड के पोर्टल पर लॉग इन कर डमी रजिस्ट्रेशन कार्ड डाउनलोड करेंगे। इस कार्ड की दो प्रतियां विद्यालय की मुहर और प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे कार्ड में दर्ज सभी जानकारियों का मूल प्रमाणपत्रों से मिलान करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत विद्यालय को सूचित करें। बोर्ड ने मैट्रिक और इंटरमीडिएट के लिए अलग-अलग पोर्टल भी उपलब्ध कराए हैं। विद्यालय प्रधानों को निर्देश दिया गया है कि प्राप्त आवेदनों के आधार पर सभी त्रुटियों का ऑनलाइन सुधार तय समय-सीमा के भीतर पूरा करें, ताकि परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।









