Central Government Prepares for Major Reforms: बड़े रिफॉर्म की तैयारी में केंद्र सरकार, आज प्रधानमंत्री करेंगे सचिवों के साथ अहम बैठक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को उबारने और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बड़े रिफॉर्म की दिशा
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पश्चिम एशिया संकट के प्रभाव से अर्थव्यवस्था को उबारने और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए बड़े रिफॉर्म की दिशा में कदम बढ़ाने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को सभी विभागों के सचिवों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक में सचिव अपने-अपने विभागों के लिए रिफॉर्म से संबंधित प्रस्तुतिकरण देंगे, जिससे सरकार को आवश्यक सुधारों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
बैठक से पहले, कैबिनेट सचिव ने विभिन्न सचिवों की अध्यक्षता में सात समूहों का गठन किया था, जो ईरान-अमेरिका युद्ध के बाद की स्थिति को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए थे। इन समूहों ने अपनी रिपोर्ट कैबिनेट सचिव को सौंप दी है, जिसका प्रस्तुतिकरण अब प्रधानमंत्री के समक्ष किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, सभी सचिवों को बैठक में आने से पहले तीन महत्वपूर्ण टास्क दिए गए हैं, जो बैठक के मुख्य एजेंडे का हिस्सा होंगे। पहले टास्क में सचिवों को यह बताना होगा कि उनके विभागों में लक्ष्य प्राप्ति में क्या-क्या बाधाएं आ रही हैं और उन्हें कैसे दूर किया जा सकता है।
दूसरे टास्क में सचिवों को यह सुझाव देना है कि वे अपनी परिधि से बाहर जाकर कैसे कार्य कर सकते हैं। तीसरे टास्क में सचिवों को अपने विभाग में सुधार के अलावा अन्य विभागों के लिए भी विचार और सुझाव देने होंगे। ऊर्जा, सप्लाई चेन, महंगाई, आयात-निर्यात और रक्षा निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सभी विभागों के बीच तालमेल बढ़ाने के उद्देश्य से इन समूहों का गठन किया गया है। आर्थिक मामलों के सचिव अनुराधा ठाकुर के नेतृत्व में सबसे बड़ा समूह गठित किया गया है, जो प्रधानमंत्री को देश की वृहद अर्थव्यवस्था को स्थिर रखने के लिए सुझाव देगा। इसके अलावा, पेट्रोलियम सचिव नीरज मित्तल के नेतृत्व में एक समूह ऊर्जा से संबंधित मुद्दों पर सुझाव देगा। विदेश सचिव और रक्षा सचिव के नेतृत्व में भी समूहों का गठन किया गया है। सूत्रों का कहना है कि इन प्रस्तुतिकरणों के आधार पर रिफार्म के अगले चरण की तैयारी की जाएगी।









