Chinese National Arrested in Greater Noida: फर्जी आधार से कंस्ट्रक्शन कंपनी चला रहा चीनी नागरिक गिरफ्तार, 6 साल से था अवैध वीजा

ग्रेटर नोएडा में एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले छह वर्षों से अवैध वीजा पर भारत में रहकर पत्नी के नाम पर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चला रहा था। बीटा
ग्रेटर नोएडा में एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले छह वर्षों से अवैध वीजा पर भारत में रहकर पत्नी के नाम पर एक कंस्ट्रक्शन कंपनी चला रहा था। बीटा दो कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को आरोपी की पहचान सोंग शियामाओ के रूप में की और उसे जेल भेज दिया। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य दस्तावेज तैयार कर लिए थे। इन दस्तावेजों के माध्यम से उसने मोबाइल सिम भी हासिल की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और उसे कोर्ट में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, पिछले सप्ताह एक म्यांमार की घरेलू सहायिका ललाई को गिरफ्तार किया गया था, जो बिना वीजा के रह रही थी। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो पता चला कि वह जिस घर में काम कर रही थी, वहां एक चीनी नागरिक भी रह रहा था। जब पुलिस ने उस चीनी नागरिक से वीजा संबंधी दस्तावेज मांगे, तो वह भाग निकला। बाद में गहन जांच में यह सामने आया कि आरोपी का भारतीय वीजा 25 जून 2020 को समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद उसने भारत नहीं छोड़ा और न ही वीजा की समय सीमा बढ़ाने के लिए कोई आवेदन किया।
आरोपी ने मणिपुर की महिला से शादी करके पत्नी के नाम से कंस्ट्रक्शन कंपनी का संचालन शुरू किया। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी में कई भारतीय कर्मचारी भी काम कर रहे थे। वीजा समाप्त होने के बाद आरोपी ने नोएडा के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवाया और उसी आधार कार्ड के जरिए पैन कार्ड बनवाकर मोबाइल सिम प्राप्त की। यह पूरा घटनाक्रम सरकारी दस्तावेजों के दुरुपयोग और पहचान छिपाने की साजिश को दर्शाता है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड, वीजा की प्रति और अन्य कागजात जब्त किए हैं। इसके साथ ही आरोपी के विदेशी नागरिक होने के कारण संबंधित एजेंसियों और दूतावास को सूचना भेजने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।









