CM Rekha Gupta's Initiative: विकास फाइलों में नहीं, जमीन पर लाओ

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार को राजधानी दिल्ली में हुई भारी बारिश के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में सवार होकर रोहिणी
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मंगलवार को राजधानी दिल्ली में हुई भारी बारिश के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस में सवार होकर रोहिणी और उसके आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों, प्रमुख सड़कों की सफाई और सड़कों के किनारे जमा कूड़े-कचरे तथा मलबे की स्थिति का गहनता से जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के दौरान ड्रेनेज सिस्टम को और मजबूत किया जाए ताकि किसी भी क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उनका यह स्पष्ट संदेश था कि विकास केवल कागजों पर नहीं, बल्कि वास्तविकता में भी दिखाई देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की सड़कें केवल परिवहन का साधन नहीं हैं, बल्कि यह दिल्ली की पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी हैं। इसलिए इनकी उचित देखभाल और सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सड़कों के विस्तारीकरण, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने के कार्यों को प्राथमिकता पर करने के निर्देश दिए। रेखा गुप्ता ने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार विकास परियोजनाओं की समीक्षा केवल फाइलों के आधार पर नहीं करेगी, बल्कि हर प्रमुख परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर उसकी प्रगति सुनिश्चित करेगी।
सीएम ने कहा, 'दिल्लीवासियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित, सुलभ और सुंदर राजधानी उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।' उन्होंने सभी विभागों को इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने रास्ते में स्थित लैंडफिल साइटों पर कचरा निपटान कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कूड़े के पहाड़ों को हटाने के अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा के अंदर पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही, रेखा गुप्ता ने रोहिणी स्थित डीडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और सभी चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा हर परियोजना को गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।









