CM Samrat Chaudhary's Major Announcements: बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को हाफ डे, बीएड कॉलेज होंगे अपग्रेड

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। असरगंज म
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को मुंगेर के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना से संबंधित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। असरगंज में रामानंद और परसीराम उच्च माध्यमिक विद्यालय से राजकीय डिग्री महाविद्यालय के पठन-पाठन का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में चरणबद्ध तरीके से डिग्री महाविद्यालय खोले जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि असरगंज में डिग्री कॉलेज की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी, जिसे अब 14 करोड़ रुपये की लागत से स्थायी भवन बनाकर पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही, परिसर के आसपास खेल मैदान विकसित करने के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला प्रशासन को भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 211 डिग्री कॉलेज खोले जा चुके थे, और असरगंज कॉलेज के शुभारंभ के साथ यह संख्या बढ़कर 212 हो गई है। सभा में उन्होंने तारापुर के विकास को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि तारापुर विधानसभा क्षेत्र के एक-एक बेरोजगार युवक-युवती की पहचान कर रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके लिए क्षेत्र में उद्योग स्थापित करने के लिए जमीन चिह्नित की जा रही है। असरगंज के अमैया, बैजलपुर और कर गांव के आसपास प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भी भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाने की बात कही। उन्होंने बताया कि राज्य में मॉडल विद्यालयों का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। मंगलवार को 10 नए मॉडल विद्यालयों के उद्घाटन के बाद इनकी संख्या 561 हो गई है। इन विद्यालयों में लाइव क्लास, डिजिटल लर्निंग और नीट-जेईई की तैयारी की विशेष व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा, उन्होंने यह घोषणा की कि बिहार के सभी स्कूलों में शनिवार को आधे दिन की पढ़ाई होगी। मुख्यमंत्री का हेलीकाप्टर किसान वैदिक उच्च विद्यालय, लौना में उतरा, जहां उन्होंने रिमोट के माध्यम से 10 मॉडल विद्यालयों का उद्घाटन किया, छात्रों से संवाद किया और विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके बाद हरपुर पहुंचकर आदर्श थाना का उद्घाटन किया और भवन का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर, प्रभारी मंत्री संजय कुमार, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, डीएम निखिल धनराज निपणिकर, एसपी सैयद इमरान मसूद सहित कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।









