Construction begins on Khirni-Kalki Dham Four-Lane Road: संभल वासियों के लिए बड़ी खबर: खिरनी-कल्कि धाम फोरलेन सड़क पर काम शुरू, दो चरणों में बनेगी 39.5 KM लंबी रोड

संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस वे के खिरनी इंटरचेंज से श्री कल्कि धाम तक बनने वाली फोरलेन सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना के पहले चरण में
संभल जिले में गंगा एक्सप्रेस वे के खिरनी इंटरचेंज से श्री कल्कि धाम तक बनने वाली फोरलेन सड़क के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस परियोजना के पहले चरण में विशेष ट्रैफिक सर्वेक्षण का कार्य प्रारंभ किया गया है, जो कि अगले आठ दिनों तक चलेगा। मंगलवार को लोक निर्माण विभाग की टीम ने गांव रिठाली में सर्वेक्षण किया, जिसमें यह आंका जा रहा है कि मार्ग से प्रति घंटे और प्रतिदिन कितने दोपहिया, चार पहिया, बस, ट्रक और अन्य भारी वाहन गुजर रहे हैं। इस सर्वेक्षण के परिणामों के आधार पर सड़क की डिजाइन, मोटाई और निर्माण की गुणवत्ता निर्धारित की जाएगी। यह सड़क करीब 39.5 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें पहले चरण में खिरनी इंटरचेंज से वंशगोपाल होते हुए हसनपुर मार्ग का निर्माण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में हसनपुर मार्ग से कल्कि धाम तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।
इस सर्वेक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में बढ़ते यातायात के बावजूद सड़क सुरक्षित और टिकाऊ बनी रहे। एक्सईएन लोक निर्माण विभाग सुनील प्रकाश ने बताया कि यह विशेष ट्रैफिक सर्वेक्षण 27 जुलाई से तीन अगस्त तक चलेगा। इस सर्वेक्षण के आधार पर सड़क के निर्माण के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस महत्वाकांक्षी 24 कोसीय परिक्रमा मार्ग के निर्माण और विकास के लिए 303 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है, जिसमें से 100 करोड़ रुपये का बजट पहले ही जारी किया जा चुका है।
भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रशासन की ओर से लगातार चल रही है, जिसमें राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की देखरेख में भूमि के बैनामे कराए जा रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 600 बैनामे हो चुके हैं। यह परिक्रमा मार्ग 49.470 किलोमीटर लंबा होगा, जो कि 38 गांवों से गुजरेगा। इस परियोजना के तहत दो गांवों में सरकारी भूमि है, जबकि 36 गांवों में भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए 32 किसान प्रभावित होंगे, और 999 गाटों से 33.66782 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाना है, जिसमें लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत आएगी।









