Crackdown on Intruders: किशनगंज में फर्जी आधार-पैन के साथ 3 गिरफ्तार

किशनगंज में सदर थाना पुलिस ने एक विशेष गश्ती अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से फर्जी भारतीय दस्त
किशनगंज में सदर थाना पुलिस ने एक विशेष गश्ती अभियान के दौरान दो बांग्लादेशी नागरिकों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से फर्जी भारतीय दस्तावेज, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को सदर थाना क्षेत्र के रूईधासा स्थित प्रेमपुल के पास गश्ती कर रही पुलिस ने एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को देखा। जब पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया और उनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चालक ने अपना नाम जाकिर हुसैन (24) बताया, जबकि पीछे बैठे व्यक्ति ने पहचान छिपाने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम मो. हसन शेख उर्फ असनउल्ला मल (32) बताया। उसने खुद को बांग्लादेश के शरियतपुर जिले का निवासी बताया। पुलिस के अनुसार, मो. हसन शेख ने बताया कि वह एजेंटों की मदद से अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था। उसने किशनगंज स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद जाकिर हुसैन के संपर्क में आने और कुछ दिनों तक उसके घर रहने के बाद बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई थी।
पुलिस ने जब मो. हसन शेख की तलाशी ली, तो उसके पास से एक स्मार्टफोन, भारतीय आधार कार्ड, पैन कार्ड, कई सिम कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, भारतीय और बांग्लादेशी मुद्रा तथा अन्य सामान बरामद किए गए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि आधार कार्ड और पैन कार्ड एजेंटों की मदद से फर्जी तरीके से बनवाए गए थे। जाकिर हुसैन के पास से भी वोटर आइडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने इन सामानों को विधिवत जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना लाया। इसके बाद, इन लोगों के निशानदेही पर तैयबा इस्लाम उर्फ तंजीला अख्तर (28) को भी गिरफ्तार किया गया, जो जाकिर हुसैन की पत्नी है। तंजीला बांग्लादेश के ढ़ाका नारायणगंज की निवासी है और वह सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलर चौक में रह रही थी।









