CWG 2026: हरजिंदर का रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन, गुलवीर की ऐतिहासिक दौड़... भारत के खाते में दो और सिल्वर मेडल

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों म
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों में सिल्वर मेडल जीते। इस दौरान भारतीय बॉक्सरों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाकर कम से कम तीन और मेडल पक्के कर दिए हैं।
महिलाओं के 69 किलो ग्राम वर्ग में 29 वर्षीय वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। चार साल पहले बर्मिंघम खेलों में कांस्य जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। यह इन खेलों में भारत का वेटलिफ्टिंग में सातवां मेडल है। हरजिंदर ने स्नैच और क्लीन एंड जर्क दोनों में दो-दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड तोड़ा। उन्होंने स्नैच में पहले 99 किलोग्राम और फिर अंतिम प्रयास में 101 किलोग्राम वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में हरजिंदर ने 123 किलोग्राम वजन उठाया और फिर 126 किलोग्राम के साथ अपना कुल स्कोर 227 किलोग्राम तक पहुंचाया। हालांकि, कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 किलोग्राम स्नैच और 132 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क के साथ कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता।
इसके कुछ ही मिनट बाद गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में ऐतिहासिक सिल्वर मेडल जीतकर भारत का नाम रोशन किया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पोडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। लगातार बारिश और पानी से भरे ट्रैक के बावजूद गुलवीर ने शानदार धैर्य दिखाया। उन्होंने शुरुआत से ही अग्रणी रनर्स के साथ बने रहते हुए आखिरी दौर में तेज रफ्तार पकड़ी और मेडल की दौड़ में जगह बनाई। गुलवीर ने 27:49.78 का समय निकाला और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन से सिर्फ 0.85 सेकंड पीछे रहे। रॉबिन्सन ने 27:48.93 के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता। इसके अलावा, एथलेटिक्स में भारत के नेशनल रिकॉर्डधारी 22 वर्षीय विशाल टीके ने भी पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 46.49 सेकंड का समय निकालकर अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर के सेमीफाइनल मुकाबले 30 जुलाई को होंगे।









