Cyber racket exposed in 19 states: 10 arrested including bank manager in Delhi

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के मध्य जिले के साइबर सेल थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो कई राज्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के मध्य जिले के साइबर सेल थाना पुलिस ने एक बड़े साइबर रैकेट का पर्दाफाश किया है, जो कई राज्यों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैला हुआ था। इस रैकेट में सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक का एक ब्रांच मैनेजर और इंडसइंड बैंक के चार अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। पुलिस ने कुल 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह सामने आया है कि इस गिरोह के पीड़ित दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, बंगाल सहित 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मौजूद हैं। पुलिस के अनुसार, बरामद किए गए 248 बैंक खातों का इस्तेमाल देशभर में 156 साइबर शिकायतों से जुड़ा हुआ है, जिसमें लगभग 20 करोड़ रुपये की ठगी शामिल है। इन खातों के माध्यम से अब तक 70 करोड़ रुपये से अधिक का लेन-देन किया जा चुका है। फिलहाल, पुलिस ने इन खातों में मौजूद 56 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया है। इसके अलावा, यूएई में स्थित मास्टरमाइंड और भारत के भगोड़े सरगना के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा रहा है।
इस साइबर रैकेट का संचालन पिछले चार वर्षों से किया जा रहा था, जिसमें भारत के अलावा दुबई और यूके में बैठे साइबर अपराधियों को म्यूल बैंक खाते मुहैया कराए जा रहे थे। पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर 10 हजार रुपये की ठगी की जांच करते हुए पाया कि इस गिरोह ने 19 राज्यों के पीड़ितों से 70 करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 248 बैंक किट, 38 सिम कार्ड, 28 फर्जी कंपनियों की मुहरें, 55 डेबिट और क्रेडिट कार्ड, एक लाख रुपये नकद और एक ब्रेजा कार बरामद की है। डीसीपी मध्य जिला रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में कई महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं।









