Delay in Inauguration: कच्ची दरगाह-बिदुपुर महासेतु का उद्घाटन टला

रविकांत सिंह, राघोपुर। पिछले पंद्रह दिनों से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन महासेतु के उद्घाटन की तैयारियों में तेजी थी, लेकिन अचानक इस कार्यक्रम पर ब्रेक लग गया
रविकांत सिंह, राघोपुर। पिछले पंद्रह दिनों से कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन महासेतु के उद्घाटन की तैयारियों में तेजी थी, लेकिन अचानक इस कार्यक्रम पर ब्रेक लग गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जुलाई के अंतिम सप्ताह में इस पुल का उद्घाटन करने की संभावना जताई जा रही थी, लेकिन हाल के दिनों में कार्यक्रम स्थल से बांस-बल्ली हटाई जा रही है। कुर्सियां, सोफे और कूलर जैसे सामान भी वापस भेजे जा रहे हैं, जिससे राघोपुर प्रखंड के स्थानीय लोगों और एनडीए कार्यकर्ताओं में निराशा का माहौल है। इस पुल के उद्घाटन की तैयारियों के बीच अचानक आई इस स्थिति ने सभी को चौंका दिया है।
पाया संख्या-26 के पास जमालपुर में लगभग 40 एकड़ भूमि पर मुख्य पंडाल के साथ चार बड़े पंडाल, पांच हेलीपैड और वाहन पार्किंग का निर्माण लगभग पूरा हो चुका था। हजारों कुर्सियां भी मंगाई जा चुकी थीं। सिक्स लेन पुल से भरत चौक होते हुए कार्यक्रम स्थल तक जाने वाली सड़क के दोनों ओर सुरक्षा के मद्देनजर बांस-बल्ली लगाई गई थी, लेकिन अब मजदूर इन्हीं बांस-बल्लियों को हटाने में लगे हैं। मजदूरों का कहना है कि अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्य किया जा रहा है। उन्हें सूचित किया गया है कि उद्घाटन कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के संभावित दौरे का कार्यक्रम अब स्थगित कर दिया गया है, हालांकि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। जुलाई के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लोगों की उम्मीदें थीं, लेकिन तैयारियों के अचानक धीमे पड़ने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने हाल ही में निर्माणाधीन महासेतु का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को काम को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया था। उन्होंने बताया कि परियोजना का 99.6 प्रतिशत भौतिक कार्य पूरा हो चुका है, और पुल का निर्माण एलएंडटी और दक्षिण कोरिया की देबू कंपनी के संयुक्त उपक्रम द्वारा किया गया है।









