Delhi murder: पुल प्रह्लादपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, नरेला में लूटपाट का विरोध करने पर चाकू से गोदा

दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले के पुल प्रह्लादपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद आ
दिल्ली के दक्षिण-पूर्व जिले के पुल प्रह्लादपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना में बाइक सवार तीन बदमाशों ने 28 वर्षीय मोहम्मद इरशाद आलम उर्फ गुड्डू की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने गुड्डू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और उसके बाद धारदार हथियार से उसका गला भी काट दिया। इस वारदात में गुड्डू का साथी मोहम्मद फारुख भी घायल हो गया, जिसे गोली लगी। पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने कुल 11 राउंड फायरिंग की, जिसमें इरशाद को पांच से छह गोलियां लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। फारुख को बाएं कंधे में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दक्षिण-पूर्व जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया जा रहा है। हालांकि, हत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं और पुलिस आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इरशाद और फारुख बिहार के निवासी हैं और शटरिंग का काम करते थे। दोनों हाल ही में लाल कुआं स्थित चुंगी नंबर-3 इलाके में किराए पर रहने आए थे। घटना रात करीब पौने एक बजे हुई, जब बदमाशों ने दोनों युवकों को कमरे से बाहर बुलाया और फिर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल फारुख को अस्पताल पहुंचाया। क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से 10 खोखे और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की तलाश जारी है।
दूसरी ओर, नरेला औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार रात एक युवक पर लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय शिवम को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, घायल शिवम नरेला के भोरगढ़ स्थित जी-7 इलाके का निवासी है और बवाना सेक्टर-2 स्थित एक फैक्टरी में काम करता है। सोमवार रात जब वह काम खत्म करके फैक्टरी से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने चाकू मारने की धमकी देकर शिवम से लूटपाट करने का प्रयास किया। जब शिवम ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उस पर चाकू से तीन-चार वार कर दिए। घायल करने के बाद बदमाश उससे नकदी और अन्य सामान लूटकर भाग गए। इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है और पुलिस अब बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।









