Delhi Rain: बारिश में फिर डूबा फतेहपुर बेरी, घरों से सड़कों तक घुटनों तक भरा पानी

मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। मंगलवार को छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर बेरी गांव में हुई बारिश ने एक बार फिर से तबाही मचाई। गांव की सड़कें, गलियां और घरों क
मुहम्मद रईस, दक्षिणी दिल्ली। मंगलवार को छतरपुर विधानसभा क्षेत्र के फतेहपुर बेरी गांव में हुई बारिश ने एक बार फिर से तबाही मचाई। गांव की सड़कें, गलियां और घरों के अंदर तक घुटनों तक गंदा पानी भर गया है। बच्चे और बड़े सभी इस स्थिति से डरे हुए हैं। घरों के बेडरूम से लेकर किचन तक पानी ही पानी है, जिससे लोगों को मजबूरन अपने सामान को ऊपरी मंजिल पर ले जाना पड़ रहा है। यह समस्या केवल एक मोहल्ले की नहीं है, बल्कि यहां की एक लाख की आबादी इससे प्रभावित हो रही है। फतेहपुर बेरी के निवासी पिछले पांच दशकों से इस स्थिति का सामना कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार नेताओं और अधिकारियों के पास अपनी समस्याएं रखी हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाई कोर्ट ने चार अगस्त 2023 को नाले की निकासी सुनिश्चित करने का आदेश दिया था, लेकिन तीन साल बीत जाने के बाद भी इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
फतेहपुर बेरी गांव की वाल्मीकि बस्ती से डांग बाबा मंदिर तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबा नाला बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। यहां वर्षा के पानी और घरों से निकलने वाले सीवेज के निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। याचिकाकर्ता ऋषिपाल महाशय ने बताया कि नाले के पास ही सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग को एक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) बनाना है, ताकि नाले के पानी को साफ करके आगे रिज एरिया में डाला जा सके। लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण बारिश ने फिर से लोगों को परेशानी में डाल दिया है।
दोपहर में हुई बारिश के कारण दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया। संगम विहार, देवली, बदरपुर, जैतपुर और ओखला जैसे क्षेत्रों में जलभराव के कारण वाहनों के फंसने की घटनाएं सामने आईं। ओखला में अबुल फजल एन्क्लेव मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, लेकिन समय पर लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, अगस्त क्रांति मार्ग पर एक पुराना पेड़ शाहपुर जट रेड लाइट के पास दो ऑटो पर गिर गया, लेकिन गनीमत यह रही कि दोनों ऑटो खाली थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि यात्री होते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। एमबी रोड पर बदरपुर से कुतुबमीनार जाने वाले मार्ग पर भी जगह-जगह पानी भरा होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच, छात्रों को भी जलभराव के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर पानी पार करना पड़ा।









