Emotional Video Goes Viral: मां तुम खाना खाई हो..., पटना पुलिस की वैन में बैठे बेटे ने पूछा

डिजिटल डेस्क, पटना। हाल ही में बिहार बंद के दौरान एक छात्र और उसकी मां के बीच का भावुक संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्र पुलिस व
डिजिटल डेस्क, पटना। हाल ही में बिहार बंद के दौरान एक छात्र और उसकी मां के बीच का भावुक संवाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में छात्र पुलिस वैन में बैठा हुआ है, जबकि उसकी मां बाहर खड़ी है। छात्र अपनी गिरफ्तारी के बारे में चिंता करने के बजाय अपनी मां की फिक्र करता नजर आता है। उसका पहला सवाल था, 'तुम खाना खाई हो? सुबह से कुछ खाया है कि नहीं... अरे कुछ खा लो।' इस भावुक पल में छात्र मां को ढांढस बंधाते हुए कहता है, 'परेशान मत हो, कुछ नहीं होगा।' यह दृश्य लोगों को भावुक कर रहा है और छात्र की संवेदनशीलता की चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है।
बिहार बंद के दौरान 25 जुलाई को पटना के विभिन्न इलाकों में हुए प्रदर्शनों के बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। देर रात करीब एक बजे इन छात्रों को पुलिस की छह गाड़ियों से पहले सिविल कोर्ट और फिर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) के आवास लाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्रों के स्वजन भी वहां पहुंचे हुए थे। इसी बीच एक पुलिस वैन के बाहर खड़ी मां और अंदर बैठे बेटे का यह भावुक पल कैमरे में कैद हो गया। वायरल वीडियो में मां बेटे को देखकर रोती हुई नजर आती है, लेकिन छात्र खुद टूटने के बजाय मां का हौसला बढ़ाता है।
यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग छात्र की संवेदनशीलता और मां के प्रति उसके लगाव की चर्चा कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि मुश्किल घड़ी में भी बेटे को अपनी मां की भूख और चिंता की फिक्र थी। 25 जुलाई को बिहार बंद के दौरान पटना समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन हिंसक हो गया था। पुलिस ने लाठीचार्ज कर हालात पर काबू पाने की कोशिश की। इस हिंसा में 91 पुलिसकर्मी घायल हुए, जिनमें कई थानाध्यक्ष भी शामिल हैं। इसके अलावा 14 सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचा। इस बीच, पुलिस वैन में मां को दिलासा देता छात्र का वीडियो लगातार वायरल हो रहा है। यह वीडियो आंदोलन और पुलिस कार्रवाई के बीच सामने आई एक ऐसी तस्वीर बन गया है, जिसने कानून-व्यवस्था और राजनीति की बहस से इतर मां-बेटे के रिश्ते की संवेदनशीलता को लोगों के सामने ला दिया है।









