Export of Saharanpur Mangoes: सहारनपुर के आम की मिठास विदेशों तक पहुंचेगी

सहारनपुर जिले के आम की मिठास और खुशबू अब विदेशों तक पहुंचने की तैयारी में है। हाल ही में नवीन मंडी स्थल पर आम उत्पादकों और निर्यातकों के बीच 60 मीट्रिक टन आम के
सहारनपुर जिले के आम की मिठास और खुशबू अब विदेशों तक पहुंचने की तैयारी में है। हाल ही में नवीन मंडी स्थल पर आम उत्पादकों और निर्यातकों के बीच 60 मीट्रिक टन आम के निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस एमओयू पर हस्ताक्षर कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग और एपीडा की पहल पर बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ और एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी के बीच हुआ। यह कदम सहारनपुर के किसानों के लिए एक नई उम्मीद लेकर आया है, जिससे उन्हें अपने उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा और आम के निर्यात में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम के दौरान सीनियर एग्रीकल्चर मार्केटिंग इंस्पेक्टर मुकुल कुमार ने बताया कि यह समझौता किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और आम के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। लाडवा फामर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ के बीच 30 मीट्रिक टन चौसा और लंगड़ा आम की आपूर्ति को लेकर समझौता हुआ है। इसके साथ ही, लाडवा फामर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड ने उत्कृष्ट प्रोड्यूसर कंपनी लखनऊ के साथ 10 मीट्रिक टन चौसा आम की खरीद के लिए एमओयू किया है। वहीं, देवबंद प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के साथ भी 10 मीट्रिक टन चौसा आम की खरीद के लिए समझौता हुआ है।
मुकुल कुमार ने आगे बताया कि चौसा प्रजाति के आम का निर्यात इस वर्ष यूनाइटेड किंगडम में किया जाएगा, जबकि लंगड़ा प्रजाति के आम को बीएमएस आर्गेनिक एफपीओ गुजरात और महाराष्ट्र में सप्लाई करेगी। इसके अलावा, एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी ने प्रगतिशील किसान बसंत राणा के साथ 10 मीट्रिक टन गुलाब जामुन प्रजाति आम की अगले साल खरीद को लेकर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इस कार्यक्रम में किसानों और निर्यातकों को आम की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, एपीडा पंजीकरण और निर्यात प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे एमओयू किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एफपीओ को सशक्त बनाने और सहारनपुर से कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।









