Farmers' Welfare Initiatives: सीएम मोहन ने किसानों को दी 3,300 करोड़ की राशि

भोपाल/खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्हों
भोपाल/खंडवा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को खंडवा में बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में 3,300 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। इस राशि का वितरण किसानों को वर्ष 2025-26 की तीसरी और वर्ष 2026-27 की पहली किस्त के रूप में 4,000 रुपये के रूप में प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जैविक एवं हाईटेक खेती, खाद्य प्रसंस्करण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों, मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित किया। इसके साथ ही खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा भी की गई। उन्होंने खंडवा-बूंदी मार्ग के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी करने की बात कही। इस अवसर पर किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का स्वागत करते हुए उन्हें हल भेंट किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार लगातार किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। उन्होंने किसानों की मेहनत और पसीने की सराहना करते हुए कहा कि किसान भूखों को अन्न उपलब्ध कराते हैं और उनके प्रति हमारी सरकार का अगाध सम्मान है। उन्होंने बताया कि आज प्रदेशभर के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसान भाइयों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 3,300 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक से अंतरित की गई। इस अवसर पर उन्होंने बलराम महोत्सव के महत्व को बताते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की क्षमताओं को पहचानती है। भारत की संस्कृति वसुधैव कुटुम्बकम के भाव को मानती है, जिसमें सभी जीवों का सम्मान किया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है, जिसके तहत प्रदेशभर में बलराम महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।









