Fire in Australia Gurdwara: ऑस्ट्रेलिया के वर्जीनिया में गुरुद्वारे में आग, जत्थेदार ने जताया दुख

जागरण संवाददाता, अमृतसर। ऑस्ट्रेलिया के वर्जीनिया में स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार में आग लगने की घटना ने सिख समुदाय में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। इस आगजन
जागरण संवाददाता, अमृतसर। ऑस्ट्रेलिया के वर्जीनिया में स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार में आग लगने की घटना ने सिख समुदाय में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। इस आगजनी से गुरुद्वारे की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा है। इस घटना पर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सिख समुदाय से अपील की है कि वे गुरुद्वारों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें। जत्थेदार ने कहा कि विदेशों में स्थापित गुरुद्वारे केवल धार्मिक स्थल नहीं हैं, बल्कि ये सिख समुदाय की आस्था और पहचान के केंद्र भी हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस घटना की गंभीरता को देखते हुए श्री अकाल तख्त साहिब ने जांच के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं।
ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने सेंट्रल सिख एसोसिएशन ऑफ न्यूजीलैंड के मुख्य सेवादार दलजीत सिंह, ऑस्ट्रेलियन सिख काउंसिल के मनदीप सिंह, गुरुद्वारा काउंसिल ऑफ विक्टोरिया के रवि इंदर सिंह और प्रीतम सिंह तथा एडिलेड के गुरिंदरजीत सिंह को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह प्रतिनिधिमंडल स्थानीय प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के साथ समन्वय स्थापित कर आग लगने की पूरी घटना की विस्तृत जानकारी जुटाए। इसके साथ ही, श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों से संबंधित स्थिति का भी आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट श्री अकाल तख्त साहिब को सौंपे। इसके अलावा, गुरुद्वारा दशमेश दरबार की प्रबंधक समिति को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे आग की घटना से संबंधित संपूर्ण रिपोर्ट श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय को भेजें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।









