Flight Cancellation at IGI Airport: घंटों के इंतजार और ड्रामे के बाद स्पाइसजेट की पुणे की उड़ान रद

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान के यात्रियों को छह घंटे से भी अधिक समय तक भारी बदइंतज़ामी और अनिश्चितता का
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की एक उड़ान के यात्रियों को छह घंटे से भी अधिक समय तक भारी बदइंतज़ामी और अनिश्चितता का सामना करना पड़ा। 27 जुलाई की रात 9:15 बजे पुणे के लिए उड़ान भरने वाली उड़ान संख्या एसजी 939 घंटों लेट रही, जिसके कारण 180 से अधिक यात्री तड़के 3:30 बजे तक एयरपोर्ट पर ही फंसे रहने को मजबूर हुए। यात्रियों का बोर्डिंग टाइम रात 8:45 बजे तय किया गया था। यात्रियों का आरोप है कि करीब छह घंटे से अधिक तक एयरपोर्ट परिसर में फंसे रहने के बावजूद एयरलाइन प्रबंधन की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई, जिसके बाद यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद स्पाइसजेट कर्मियों व यात्रियों के बीच तीखी नोंकझोंक हुई। इस दौरान सुरक्षाकर्मियों को बुलाना पड़ा। पीड़ित यात्री रमेश चंद्र सोनी ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अपने बोर्डिंग पास की तस्वीर साझा करते हुए डीजीसीए, प्रधानमंत्री कार्यालय और एयरपोर्ट अथॉरिटी से हस्तक्षेप की मांग की। रमेश सोनी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि हम कई घंटों से फंसे हुए हैं। विमान में घंटों से मेंटेनेंस का काम चल रहा है, जिससे इसकी सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। अगर विमान सुरक्षित नहीं है तो इसे रद कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी बताया कि मधुमेह (डायबिटीज) से पीड़ित होने के कारण इतने लंबे इंतज़ार में भूखे-प्यासे रहने से उनकी तबीयत बिगड़ने लगी थी।
यात्रियों का आरोप है कि रात 2:00 बजे से 3:30 बजे तक भी उड़ान की सही स्थिति नहीं बताई गई। छह घंटे से ज्यादा चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद यात्रियों ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय और डीजीसीए से इस लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। यात्रियों का कहना है कि इतने लंबे समय तक फंसे रहने के बावजूद एयरलाइन की ओर से न तो खाने-पीने का कोई इंतज़ाम किया गया और न ही सुरक्षा मानकों का ध्यान रखा गया। स्पाइसजेट प्रवक्ता का कहना है कि 27 जुलाई, 2026 को दिल्ली से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान एसजी 939 तकनीकी खराबी के कारण पहले विलंबित हुई और बाद में रद कर दी गई। असुविधा को कम करने के लिए, एयरलाइन ने सभी प्रभावित यात्रियों के लिए एक अतिरिक्त उड़ान संचालित की। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है।









