Good News for Devotees: बिहार के पोस्टऑफिस में मिलेगा गंगाजल

जागरण संवाददाता, आरा (भोजपुर)। सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगाजल की आवश्यकता रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक सुखद समाचार है। अब श्र
जागरण संवाददाता, आरा (भोजपुर)। सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए गंगाजल की आवश्यकता रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक सुखद समाचार है। अब श्रद्धालुओं को गंगोत्री या हरिद्वार जाकर गंगाजल लाने की आवश्यकता नहीं होगी। डाक विभाग ने आरा के मुख्य डाकघर सहित जिले के सभी डाकघरों में गंगाजल की बिक्री शुरू कर दी है। सावन के अवसर पर गंगाजल की मांग में भी तेजी आई है। डाकघर में गंगोत्री और हरिद्वार का गंगाजल 200 और 500 मिलीलीटर की पैकिंग में उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, 200 एमएल की बोतल की कीमत 30 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि डाक से मंगाने पर इसकी कीमत 60 रुपये रखी गई है। श्रद्धालु अपनी आवश्यकता के अनुसार डाकघर से गंगाजल खरीद सकते हैं।
डाक पाल यशवंत सिंह ने बताया कि सावन के महीने में गंगाजल की मांग काफी बढ़ जाती है। भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु गंगाजल का उपयोग करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने पर्याप्त मात्रा में गंगाजल उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। बिक्री केंद्रों पर इसकी उपलब्धता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, आरा जिले में शहरी क्षेत्र की करीब 30 शाखाओं और ग्रामीण क्षेत्र की 70 उपशाखाओं समेत सभी डाकघरों में गंगाजल की बिक्री की जा रही है। इससे ग्रामीण इलाकों के श्रद्धालुओं को भी आसानी से गंगाजल उपलब्ध हो सकेगा।
डाक विभाग ने लोगों की जानकारी के लिए डाकघरों में गंगाजल बिक्री से संबंधित सूचना भी चस्पा की है। गंगोत्री को गंगा नदी का उद्गम स्थल माना जाता है, इसलिए वहां के गंगाजल का धार्मिक महत्व अधिक माना जाता है। वहीं हरिद्वार में भी श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल उपलब्ध है। डाक विभाग के अनुसार, दोनों स्थानों का गंगाजल श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया जा रहा है और इसकी मांग लगातार बनी हुई है। डाक अधीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि गंगाजल की मांग अच्छी है और बिक्री लगातार बढ़ रही है। सप्लाई बनी रहने पर श्रद्धालुओं को आसानी से गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा। सावन में शिवालयों में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए डाक विभाग की यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।









