Guru Purnima Celebrations: अयोध्या में भक्तों की भारी भीड़, सरयू स्नान का आयोजन

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भोर से ही भक्तगण सरयू नदी के घाटों पर पहुंचने लगे और उन्होंने विधिपूर्वक
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को अयोध्या में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। भोर से ही भक्तगण सरयू नदी के घाटों पर पहुंचने लगे और उन्होंने विधिपूर्वक स्नान किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने श्रीरामजन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और अन्य प्रमुख मंदिरों में जाकर दर्शन-पूजन किया। भक्तों ने सुख-समृद्धि की कामना करते हुए अपने गुरुजनों का सम्मान किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर गुरु पूजन, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए गए। इन आयोजनों में शिष्यों ने अपने गुरुजनों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
प्रदेश सरकार गुरु परंपरा से जुड़े स्थलों के संरक्षण और विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंदिरों, आश्रमों और गुरुद्वारों का विकास किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करना और नई पीढ़ी को भारतीय ज्ञान परंपरा से जोड़ना है। महर्षि वेदव्यास, संत रविदास और गुरु गोरक्षनाथ जैसी महान विभूतियों ने भारतीय संस्कृति को दिशा दी है। महोबा में गोरखगिरि पर्वत पर 51 फीट ऊंची गुरु गोरखनाथ की कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसकी लागत 11.25 करोड़ रुपये है।
इसके अलावा, अमेठी के जायस में 25 फीट ऊंची गुरु गोरखनाथ की योग मुद्रा वाली कांस्य प्रतिमा का निर्माण 5.95 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। वाराणसी में संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन धाम के पुनर्विकास पर 51.54 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। देवरिया में ब्रह्मऋषि देवरहा बाबा आश्रम के पर्यटन विकास के लिए 2.50 करोड़ रुपये की परियोजना चल रही है। हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा के लिए 3.63 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित रविदास मंदिर के लिए 229.57 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गुरु पूर्णिमा गुरु परंपरा और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति कृतज्ञता का अवसर है। प्रदेश सरकार संतों, ऋषियों और गुरुओं से जुड़े स्थलों के संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का विस्तार कर रही है।









