Heavy Rain in Noida: नोएडा में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई जगहों पर जलभराव

नोएडा में मंगलवार सुबह घने काले बादलों के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई इस तेज वर्षा ने जहां लोगों को उमस भ
नोएडा में मंगलवार सुबह घने काले बादलों के साथ हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई इस तेज वर्षा ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दी, वहीं एक घंटे की बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। नोएडा के कई सेक्टरों और गांवों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे सड़कों पर जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए। प्रमुख मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी सेक्टर 49 के बरौला गांव में देखने को मिली, जहां स्कूली बच्चों को भीगते हुए स्कूल पहुंचना पड़ा। इस जलभराव के कारण स्थानीय बाजारों में सन्नाटा छा गया और दिन और रात के तापमान में 3 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई।
सेक्टर 19 में सड़क के साथ-साथ फुटपाथ और पार्क भी जलमग्न हो गए, जबकि सेक्टर 105 में स्थिति और गंभीर रही। यहां मुख्य नाले का जलस्तर बढ़ने से सीवर बैक-फ्लो हो गया और नाले का गंदा पानी सेक्टर की सड़कों पर फैल गया। इससे लोगों को बदबू और गंदगी के बीच आवागमन करना पड़ा। बारिश का असर सेक्टर 63 के डी और ए ब्लॉक, सेक्टर 58, सेक्टर 1, 4, 5, 6 सहित पूरे शहर में देखा गया। एसीपी कार्यालय परिसर और नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के मुख्य मार्ग भी जलभराव की चपेट में आ गए, जिससे कर्मचारियों और आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। वाहन चालक घंटों तक ट्रैफिक में फंसे रहे। एक घंटे की वर्षा ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। इस दौरान कई घरों की बिजली भी कई घंटों तक गुल रही, जिससे लोग अंधेरे में रह गए। नोएडा के सेक्टर 16 मेट्रो स्टेशन के पास भारी वर्षा के बाद पिलर के नीचे बना करीब 50 मीटर लंबा डिवाइडर अचानक भरभराकर सड़क पर गिर गया, लेकिन गनीमत रही कि इसकी चपेट में कोई नहीं आया। पुलिस और अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे में डिवाइडर को हटवाया। इस बीच बेरिकेडिंग लगवाकर हाइड्रा से काम करने के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ। सेक्टर 4 में काले रंग की कार पर पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कई बिजली के पोल झुक गए और कई सेक्टरों में पेड़ टहनियां टूटी तो कहीं पेड़ जड़ से उखड़ गए, जिससे काफी समय तक यातायात बाधित रहा।









