Heavy Rain in Tehri: भिलंगना और बालगंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। लगातार बारिश के कारण बालगंगा और भिलंगना नदी का जलस्तर खतरे के
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। लगातार बारिश के कारण बालगंगा और भिलंगना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। इसके अलावा, नैलचामी नदी और अन्य गाड-गदेरों में भी पानी तेजी से बढ़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले परिवारों को नोटिस जारी कर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने के निर्देश दिए हैं। तेज बारिश के चलते 27 जुलाई को घनसाली में नदी किनारे रहने वाले आठ से दस परिवारों को अपने घर छोड़कर नजदीकी मंदिर में शरण लेनी पड़ी। प्रशासन ने बालगंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि और भिगुन गांव के गवाणा तोक में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए 12 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवारों को होटल या किराए के कमरे में शिफ्ट होने की सुविधा देने की बात भी प्रशासन ने कही है।
बारिश के कारण क्षेत्र के कई मोटर मार्ग भी मलबा आने से बंद हो गए हैं। इनमें घुत्तू-गंगी मोटर मार्ग समेत कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग ने मार्गों को खोलने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की हैं। एसडीएम मंजू राजपूत ने बताया कि मानसून को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली थीं। नदी किनारे रहने वालों के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं और राजस्व विभाग की टीम लगातार गांवों की निगरानी कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को किराए का भुगतान भी किया जाएगा। भिलंगना क्षेत्र में राहत और बचाव दलों को अलर्ट पर रखा गया है। प्रशासन ने सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से निपटा जा सके।









