Weather Alert in Himachal: हिमाचल में फिर बिगड़ा मौसम, शिमला समेत कई जिलों में भारी बारिश; 7 जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बीती रात से राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर से अपनी रफ्तार पकड़ ली है। बीती रात से राजधानी शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में लगातार वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों को संवेदनशील बताते हुए सभी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मंगलवार को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन और कुल्लू में भारी वर्षा के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में अगले 24 घंटे के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी भी दी गई है। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में भारी बारिश की आशंका के चलते आज सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।
सिरमौर जिले में देर रात से बारिश का सिलसिला जारी है और पूरे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। प्रशासन ने अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। राजधानी शिमला में रात से तेज बारिश का क्रम जारी है। कुल्लू में रात के दौरान अच्छी बारिश हुई और सुबह भी मौसम खराब बना हुआ है। ऊना में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि हमीरपुर में रात को तेज बारिश के बाद सुबह हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 28 जुलाई से 1 अगस्त तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 29 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा और शिमला जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके अलावा कुल्लू, मंडी, सोलन और सिरमौर सहित अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा। 30 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस स्थिति को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सभी आवश्यक उपाय करने की तैयारी कर ली है।









