Himachal Weather: हिमाचल में 3 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मॉनसून, कई जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में चंबा, बिलासपुर और मंडी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधा
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता लगातार बनी हुई है। पिछले 24 घंटों में चंबा, बिलासपुर और मंडी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 3 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां इसी तरह जारी रहेंगी। इस दौरान 28 से 30 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए आरेंज और येलो अलर्ट जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों को अलर्ट रहने और बंद पड़ी 108 सड़कों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को शिमला सहित राज्य के अधिकांश हिस्से घने कोहरे और रुक-रुक कर हो रही मूसलाधार बारिश की चपेट में रहे। चंबा जिले के भड़ियाड़ और ओवड़ी मोहल्ला में नाले उफान पर आने से मलबा और पानी लोगों के घरों में घुस गया। भड़ियाड़ क्षेत्र में भूस्खलन के कारण करीब एक दर्जन वाहन मलबे के नीचे दब गए। सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए मंगलवार को सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। राज्यभर में भूस्खलन और जलभराव के कारण 108 मुख्य व संपर्क सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह बंद हैं, जिन्हें बहाल करने का कार्य जारी है। इसके अतिरिक्त 38 पेयजल योजनाएं और 9 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप्प होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी का संकट गहरा गया है। मानसून सीजन की शुरुआत (30 जून) से अब तक प्रदेश में बारिश और हादसों से 15 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि राज्य को करीब 800 करोड़ से 1,000 करोड़ के वित्तीय नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वरिष्ठ वैज्ञानिक संदीप शर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। इसमें सबसे अधिक चंबा के जोत में 140 मिमी, बिलासपुर के नैना देवी में 120 मिमी, चंबा के चुवाड़ी में 110 मिमी, मंडी के कटौला में 90 मिमी और मुरारी देवी में 80 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा कांगड़ा के घमरूर, शिमला, ब्राह्मणी और जोगिंद्रनगर में करीब 60-60 मिमी बारिश देखने को मिली। 28 जुलाई को कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए आरेंज अलर्ट, जबकि चंबा, कुल्लू, शिमला व अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई को सिरमौर जिले के लिए आरेंज अलर्ट तथा कांगड़ा व मंडी समेत अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट रहेगा। 30 जुलाई को बिलासपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। 31 जुलाई व 1 अगस्त को बारिश का दौर जारी रहेगा, हालांकि भारी बारिश मुख्य रूप से चंबा के कुछ हिस्सों तक ही सीमित रहने की संभावना है। सामान्य श्रेणी में अब तक की कुल वर्षा मौसम विभाग के अनुसार चालू मानसून सीजन में प्रदेश भर में अब तक सामान्य से लगभग 6 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है, जो कि सामान्य श्रेणी में आती है। केवल जुलाई माह की बात करें तो इसमें सामान्य से करीब 7 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। जिलावार आंकड़ों के अनुसार हमीरपुर, कांगड़ा, लाहुल-स्पीति और मंडी को छोड़कर शेष सभी जिलों में वर्षा सामान्य या उससे अधिक रही है।









