Historic Achievement by NTPC: एनटीपीसी कोलडैम ने रचा इतिहास, 10 साल में पहली बार 3612.82 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन

एनटीपीसी कोलडैम ने 10 वर्षों में पहली बार 3612.82 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित किया है। परियोजना के प्रमुख एस.एस. राव ने इस उपलब्धि के लिए अपनी
एनटीपीसी कोलडैम ने 10 वर्षों में पहली बार 3612.82 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित किया है। परियोजना के प्रमुख एस.एस. राव ने इस उपलब्धि के लिए अपनी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीम की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और बेहतर संचालन का परिणाम है। एनटीपीसी कोलडैम का उद्देश्य भविष्य में भी सुरक्षित, विश्वसनीय और अधिकतम क्षमता के साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन करना है। इसके साथ ही, कोलडैम क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन का अध्ययन करने के लिए आईआईटी बॉम्बे के साथ एक संयुक्त शोध पहल की शुरुआत की गई है। इस अध्ययन के माध्यम से ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाएगा। मंडी और सोलन जिलों में प्रस्तावित दो पम्प्ड स्टोरेज पावर प्लांट परियोजनाओं की प्रारंभिक व्यवहार्यता रिपोर्ट भी हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजी जा चुकी है। इन परियोजनाओं के कार्यान्वयन से प्रदेश में हरित ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ बिजली भंडारण क्षमता में भी वृद्धि होगी।
मीडिया संवाद कार्यक्रम में एस.एस. राव ने बताया कि एनटीपीसी का लक्ष्य केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास को भी समान महत्व देना है। उन्होंने कहा कि आईआईटी बॉम्बे के सहयोग से किए जाने वाले अध्ययन के निष्कर्ष भविष्य की पर्यावरणीय नीतियों और ऊर्जा परियोजनाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होंगे। इसके अलावा, कोलडैम परियोजना से प्रभावित 40 गांवों में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत लगभग 5.5 करोड़ रुपये के विकास कार्य किए गए हैं। इस दौरान वर्ष 2025-26 में किए गए सीएसआर कार्यों पर आधारित पत्रिका 'सामाजिक सरोकार' का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में एचआर प्रमुख मंगला हरिंदरन, डिप्टी जनरल मैनेजर (सीएसआर) अंजुला अग्रवाल, एजीएम योगेश शर्मा और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।











