Historic College in Patna: पटना के ऐतिहासिक कॉलेज को मिलेगी 245.5 करोड़ की सौगात

पटना के राजकीय तिब्बी कॉलेज एवं अस्पताल का नया परिसर वर्ष 2027 तक तैयार होने की योजना है। इस नए परिसर का निर्माण एनएमसीएच परिसर में 10 एकड़ भूमि पर 245.5 करोड़
पटना के राजकीय तिब्बी कॉलेज एवं अस्पताल का नया परिसर वर्ष 2027 तक तैयार होने की योजना है। इस नए परिसर का निर्माण एनएमसीएच परिसर में 10 एकड़ भूमि पर 245.5 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। नए भवन के निर्माण से अस्पताल की क्षमता 120 बेड से बढ़कर 200 बेड हो जाएगी, जिससे प्रदेश भर से आने वाले रोगियों को बेहतर इलाज और भर्ती की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी मंगलवार को आयोजित शताब्दी समारोह में कॉलेज प्रशासन द्वारा प्रस्तुत की गई। समारोह में नए भवन की रूपरेखा भी प्रदर्शित की गई। प्राचार्य प्रो. मो. महफुजूर रहमान ने बताया कि नए भवन के निर्माण के बाद कॉलेज और अस्पताल को वर्तमान परिसर से स्थानांतरित कर दिया जाएगा। वर्तमान में अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 500 मरीज आते हैं, जिनमें से कई मरीज बेड की कमी के कारण भर्ती नहीं हो पाते हैं। नए भवन में 80 अतिरिक्त बेड जुड़ने से अधिक मरीजों को भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
समारोह का उद्घाटन योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने किया। उन्होंने कहा कि राजकीय तिब्बी कॉलेज एवं अस्पताल प्रदेश की अमूल्य धरोहर है और सरकार इस संस्थान की जरूरतों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहयोग देगी। मंत्री ने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और तकनीक के साथ यूनानी चिकित्सा शिक्षा को और सशक्त बनाने पर जोर दिया। मेघालय के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद ने भी इस संस्थान के प्रति अपने भावनात्मक जुड़ाव का उल्लेख किया और बताया कि यूनानी चिकित्सा पद्धति आज भी लोगों के बीच लोकप्रिय है। सुन्नी वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष मो. इरशादुल्लाह ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में तिब्बी कॉलेज का योगदान महत्वपूर्ण है।









