ICAI Campus Placement 2026: 29 शहरों में आईसीएआई की प्लेसमेंट ड्राइव, 78 कंपनियां देंगी 5339 नौकरियां

भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने मई 2026 में सीए फाइनल परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का शेड्यूल जारी किया है।
भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थान (आईसीएआई) ने मई 2026 में सीए फाइनल परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रम का शेड्यूल जारी किया है। इस बार का प्लेसमेंट अभियान पहले से अधिक व्यापक होगा, जिसमें देशभर के 29 शहरों में कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे। इस प्रक्रिया में 78 प्रमुख कंपनियां मिलकर 5,339 पदों पर भर्ती करेंगी। यह भर्ती अभियान वित्त, कराधान, ऑडिट, कंसल्टिंग, बैंकिंग, जोखिम प्रबंधन, विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगा। मई 2026 में आयोजित सीए फाइनल परीक्षा में 7,931 उम्मीदवार सफल हुए थे, जिनमें से 6,399 नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट कैंपस प्लेसमेंट प्रक्रिया के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।
आईसीएआई की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्लेसमेंट अभियान कई चरणों में आयोजित होगा। इस बार केवल महानगरों तक ही प्लेसमेंट सीमित नहीं रहेगा, बल्कि रांची, रायपुर, राजकोट, रतलाम और वडोदरा जैसे उभरते शहरों में भी कंपनियां नए चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का चयन करेंगी। इससे अधिक संख्या में उम्मीदवारों को अपने क्षेत्र के पास ही रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। आईसीएआई के अध्यक्ष सीए प्रसन्न कुमार डी ने बताया कि प्लेसमेंट प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए कई नई पहल की गई हैं। इनमें तकनीक आधारित भर्ती प्रणाली, नियोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय, अभ्यर्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम, साइकोमेट्रिक और एप्टीट्यूड टेस्ट, करियर काउंसलिंग तथा उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास कार्यक्रम शामिल हैं।









