Inspection at Brajghat: हापुड़ के ब्रजघाट पर कमिश्नर की अधिकारियों को फटकार

हापुड़ के ब्रजघाट पर मंगलवार को मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और dig कलानिधि नैथानी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने
हापुड़ के ब्रजघाट पर मंगलवार को मेरठ मंडल के आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और DIG कलानिधि नैथानी ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कड़ी नाराजगी जताई। आयुक्त ने कहा, 'क्या दिखाने लाए हैं यहां, हम क्या घूमने के लिए आए हैं इधर, इंतजाम बहुत ही अव्यवस्थित हैं... काम में तेजी लाइए।' निरीक्षण के दौरान गंगा घाटों पर गंदगी और लाइट व्यवस्था में खामियां देखने को मिलीं, जिससे आयुक्त का गुस्सा बढ़ गया। डीएम कविता मीणा, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह और नगर पालिका की ईओ पवित्रा त्रिपाठी भी इस मौके पर मौजूद थीं। आयुक्त ने पवित्रा त्रिपाठी को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि यहां क्या तैयारी की गई है? उन्होंने अधिकारियों को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें आयुक्त के कड़क तेवर देखकर अधिकारी बगलें झांकते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि गढ़मुक्तेश्वर की पौराणिक नगरी में स्थित ब्रजघाट पश्चिमी यूपी का सबसे बड़ा गंगा तट है। सावन के महीने में कांवड़िया यहां से गंगाजल लेकर भोले बाबा का जलाभिषेक करते हैं। इस बार कांवड़ यात्रा की तैयारियों की जमीनी हकीकत देखने के लिए आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी और DIG कलानिधि नैथानी ने हापुड़ डीएम कविता मीणा और गढ़ नगरपालिका की अधिशासी अधिकारी पवित्रा त्रिपाठी के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गंगाघाट के किनारे ना रोशनी का इंतजाम मिला और ना सफाई का। गंगाघाट पर सफाई की जिम्मेदारी गढ़ नगरपालिका की है, लेकिन वहां की अव्यवस्था देखकर आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने ईओ पर नाराजगी जताई।










