Interesting Roads in Australia: मेरठ, दिल्ली, बनारस, आगरा, लखनऊ, शिमला और कोलकाता के नाम पर सड़कें

प्रवीण वशिष्ठ, मेरठ। दुनिया के कई देशों में ऐसे क्षेत्र हैं, जिन्हें भारतीय मूल की बड़ी आबादी के कारण मिनी इंडिया कहा जाता है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के उ
प्रवीण वशिष्ठ, मेरठ। दुनिया के कई देशों में ऐसे क्षेत्र हैं, जिन्हें भारतीय मूल की बड़ी आबादी के कारण मिनी इंडिया कहा जाता है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न के उपनगर मिचम में एक ऐसा छोटा सा नगर है, जहां केवल 17 हजार की आबादी के बीच भारतीय शहरों के नाम पर सड़कें हैं। यह सड़कें केवल नाम के लिए नहीं हैं, बल्कि सरकारी दस्तावेजों में सौ साल से अधिक समय से दर्ज हैं। यह बात अपने आप में अनोखी है कि इस उपनगर के बाहर रहने वाले अधिकांश भारतीय भी इसके बारे में अनजान हैं। मिचम उपनगर की विशेषता यह है कि यहां ब्रिटिश शासन के दौरान भारत में तैनात रहे सैन्य अधिकारियों ने अपना निवास बनाया। इन अधिकारियों ने अपने निवास के पास की सड़कों को भारत के शहरों के नाम पर रखा, जिससे आज भी मिचम में मेरठ, दिल्ली, आगरा, लखनऊ, बनारस, कोलकाता और शिमला जैसी सड़कों का अस्तित्व है।
मिचम व्हाइटहोर्स सिटी काउंसिल के अंतर्गत आता है, जिसमें कई अन्य उपनगर भी शामिल हैं। यहां की सड़कों को 'बाई रिटायर्ड आर्मी ऑफिसर, इंडियन सिटी सीरीज' के तौर पर सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है, लेकिन किसी विशेष अधिकारी या व्यक्ति का नाम नहीं दिया गया है। काउंसलर प्रु कट्स, जो व्हाइटहोर्स हिस्टोरिकल सोसायटी की सदस्य भी हैं, ने जानकारी दी कि एडगर वॉकर नामक व्यापारी ने 1886 में मिचम में टाइल कंपनी की स्थापना की थी। उन्होंने भारत और श्रीलंका में व्यापार शुरू किया और बाद में 6-8 मेरठ स्ट्रीट को अपना निवास बनाया। संभवतः इसी कारण इस स्ट्रीट का नाम रखा गया। अन्य भारतीय शहरों के नाम वाली सड़कों का नाम भी ऐसे ही लोगों के कारण पड़ा है। इस क्षेत्र का वार्ड भी एडगर वॉकर के नाम पर वॉकर वार्ड के नाम से जाना जाता है।









