International Flights from Amritsar: अमृतसर एयरपोर्ट से 20 अंतरराष्ट्रीय शहरों की सीधी उड़ान, 'ईजी कनेक्ट' सेवा शुरू

जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मंगलवार को एक नई सुविधा का शुभारंभ किया गया। भारत
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मंगलवार को एक नई सुविधा का शुभारंभ किया गया। भारत सरकार के नए इंटरनेशनल कनेक्टिविटी मॉडल के तहत एअर इंडिया द्वारा 'ईजी कनेक्ट' सेवा की शुरुआत की गई है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारप्पु राम मोहन नायडू ने इस सेवा का वर्चुअल उद्घाटन किया, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक के परिणामस्वरूप संभव हुआ। मंत्री ने वीडियो संदेश के माध्यम से बताया कि इस नई सेवा का सबसे अधिक लाभ अमृतसर के यात्रियों को मिलने वाला है। 'ईजी कनेक्ट' के तहत, यात्रियों को एक चेक-इन और एक बैगेज टैग के साथ लंदन समेत 20 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी। इससे न केवल यात्रियों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि अमृतसर को उत्तर भारत का एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गेटवे बनाने में भी मदद मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री नायडू ने इस अवसर पर कहा कि अमृतसर लाखों एनआरआई परिवारों का घर है और यहां विश्व प्रसिद्ध श्री हरिमंदिर साहिब भी स्थित है। 'ईजी कनेक्ट' सेवा के माध्यम से फूड प्रोसेसिंग, हैंडलूम, टेक्सटाइल उद्योग, लॉजिस्टिक्स, होटल और टूरिज्म के क्षेत्र में व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे अमृतसर की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पंजाब की पहचान 'उड़ता पंजाब' से बदलकर 'सपनों की उड़ान का पंजाब' में तब्दील हो गई है। पिछले 12 वर्षों में पंजाब में एयरपोर्ट की संख्या दो से बढ़कर सात हो गई है। मंत्री ने पंजाबी संस्कृति की तारीफ करते हुए कहा कि पंजाबियों का दिल अमृतसर के कुल्चे जैसा बड़ा और लस्सी के गिलास जैसा भरा होता है।









