Joint Committee Formed: जिला परिषद कैडर के तकनीकी कर्मचारियों ने बनाई ज्वाइंट कमेटी

मंडी। जिला परिषद कैडर के तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति बनाई है। मंडी स्थित जिला परिषद भवन में आयो
मंडी। जिला परिषद कैडर के तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ाने की रणनीति बनाई है। मंडी स्थित जिला परिषद भवन में आयोजित प्रदेशस्तरीय बैठक में सर्वसम्मति से ज्वाइंट कमेटी का गठन किया गया। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जिला परिषद कैडर के सभी तकनीकी अधिकारियों और कर्मचारियों का ग्रामीण विकास अथवा पंचायती राज विभाग में शीघ्र विलय किया जाए। इसके साथ ही, कर्मचारियों ने लंबित पदोन्नतियों को जल्द शुरू करने की मांग भी उठाई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर आरसी चंदेल ने की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा काफी समय से लंबित है और इसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाना चाहिए। बैठक में पारित प्रस्ताव में यह भी कहा गया कि जिला परिषद कैडर के तकनीकी कर्मचारियों के विलय की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने भी इस मांग को पूरा करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
बैठक में पदोन्नति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से पदोन्नति नहीं होने के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जाए ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा की जा सके। इस बैठक में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर आरके राणा, असिस्टेंट इंजीनियर संगठन के प्रधान प्रदीप मेहता, जूनियर इंजीनियर संगठन की अध्यक्ष सुलक्षणा जसवाल, स्टेट जनरल सेक्रेटरी संजय सेन, दिलीप सहित अन्य पदाधिकारी और तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठाने का निर्णय लिया। इस ज्वाइंट कमेटी का गठन कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।









