Help via QR Code on Kanwar Route: कांवड़ यात्रा के लिए हापुड़ में अस्थायी थाना और चौकियों की व्यवस्था

हापुड़ जिले में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। इस
हापुड़ जिले में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता प्रदान करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले में एक अस्थायी थाना और 21 पुलिस चौकियों की स्थापना की गई है। इन चौकियों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत सहायता मिल सके। पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में ब्रजघाट को अस्थायी थाना बनाया गया है। इसके अलावा हापुड़ नगर, हापुड़ देहात, पिलखुवा, हाफिजपुर, सिंभावली, बाबूगढ़, गढ़मुक्तेश्वर और बहादुरगढ़ थाना क्षेत्रों के प्रमुख कांवड़ मार्गों पर अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। ये सभी चौकियां संवेदनशील स्थानों पर बनाई गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
अस्थायी चौकियों की स्थापना के स्थानों में पुरानी चुंगी, टियाला, दतेड़ी गेट, जीएस पेट्रोल पंप, सोना पंप, बड़ौदा सिहानी, बक्सर रेगुलेटर, स्याना बार्डर, बुकलाना नहर पुल, डिबाई नहर पुल, बनखंडा नहर पटरी, बछलौता अंडरपास, अल्लाबख्शपुर कट, पलवाड़ा मोड़, दौताई, गढ़ चौपला, पलवाड़ा तिराहा, सेहल नहर चौराहा, सदरपुर बैरियर और छतरीवाला कुआं शामिल हैं। पुलिस ने सभी अस्थायी थानों और चौकियों पर संचार व्यवस्था, बिजली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्स्ट एड और जनसहायता जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, प्रत्येक पुलिस इकाई का जीपीएस आधारित चिह्नांकन किया गया है, जिससे कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारी उनकी लगातार निगरानी कर सकें।









