Kavad Mela 2026: हरिद्वार में 5 अगस्त से भारी वाहनों की नो-एंट्री

हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने एक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इस प्लान के तहत, सबस
हरिद्वार में कांवड़ मेला-2026 के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस ने एक विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इस प्लान के तहत, सबसे बड़ा निर्णय राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर लिया गया है। 29 जुलाई से 4 अगस्त तक भारी वाहन केवल रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक ही हाईवे पर चल सकेंगे। इसके बाद, 5 अगस्त से 11 अगस्त तक भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। यह कदम कांवड़ मेले के दौरान यातायात की भीड़भाड़ को कम करने के लिए उठाया गया है। इसके साथ ही, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर कांवड़ वाहनों का प्रवेश भी पूरी तरह बंद रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे कांवड़ मेले के दौरान यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान का अवलोकन अवश्य करें।
श्रावण मास 28 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसमें इस वर्ष चार सोमवार 3, 10, 17 और 24 अगस्त को पड़ेंगे। श्रावण शिवरात्रि का मुख्य पर्व 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए, जनपद में चरणबद्ध रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। सामान्य दिनों में दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, मंगलौर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, सहारनपुर, देहरादून, ऋषिकेश, नैनीताल और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित मार्ग तय किए गए हैं। कांवड़ वाहनों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं, जिससे यातायात की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
सहारनपुर और यमुनानगर की ओर से आने वाले कांवड़ वाहन मंडावर, सालियर चौक, अब्दुल कलाम चौक, नगला इमरती, लक्सर और एसएम तिराहे से बैरागी कैंप पार्किंग पहुंचेंगे। यातायात का दबाव बढ़ने पर, दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले कांवड़ वाहन रामपुर तिराहा, कोलकी टोल प्लाजा, बड़कलां, मंडावर होते हुए इसी मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजे जाएंगे। मुरादाबाद, बिजनौर और नजीबाबाद की ओर से आने वाले कांवड़ वाहनों को चिड़ियापुर, गैण्डीखाता और 4.2 डायवर्जन से गौरीशंकर तथा नीलधारा पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले कांवड़ वाहन नेपाली तिराहा, सप्तऋषि तिराहा और दूधाधारी फ्लाईओवर होते हुए चमगादड़ टापू तथा लालजीवाला पार्किंग भेजे जाएंगे। बैरागी कैंप में पार्क सभी कांवड़ वाहनों की निकासी श्मशान घाट पुल, श्रीयंत्र पुल, बूढ़ी माता तिराहा, देशरक्षक और सिंहद्वार होते हुए एनएच-334 से कराई जाएगी।









