Kawad Yatra Security: फरीदाबाद पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए बनाए 3 रूट, तैनात रहेंगे 2000 जवान

फरीदाबाद में बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की
फरीदाबाद में बृहस्पतिवार से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस यात्रा के दौरान पूरे मार्ग की निगरानी सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से की जाएगी। लगभग 2000 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तुरंत उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर विशेष सुरक्षा एवं ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है, जिसमें पुलिस उपायुक्त यातायात जयवीर राठी को यात्रा का नोडल अधिकारी बनाया गया है। डीसीपी मुख्यालय, एनआईटी, बल्लभगढ़ और सेंट्रल अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की निगरानी करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और क्रेन भी तैनात रहेंगी। स्वास्थ्य, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसके अलावा, यात्रा मार्ग पर स्थित शराब के ठेकों, पेट्रोल पंपों और अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि कानून व्यवस्था में कोई बाधा न आए।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 25 से अधिक स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। इनमें दुर्गा बिल्डर, आगरा कैनाल मार्ग, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर-28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-17 पुल, सेक्टर-14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर-8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरू चौक, शाहपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड़, सीकरी चौकी और कैली बाईपास जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए तीन प्रमुख मार्ग निर्धारित किए हैं। पहला मार्ग कालिंदी कुंज (दिल्ली) से एमसीडी टोल होते हुए आगरा कैनाल के किनारे रहेगा। दूसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से आउटर बाईपास के रास्ते और तीसरा मार्ग बदरपुर बॉर्डर से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के माध्यम से तय किया गया है। इन सभी मार्गों पर संबंधित थाना पुलिस लगातार गश्त करेगी, जबकि केजीपी एक्सप्रेस-वे पर विशेष मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात रहेंगी।











